Tuesday, February 17, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 11°C
Breaking News

पंजाब में भाजपा नेताओं ने सीएम आवास का किया घेराव, सुनील जाखड़ समेत कई नेता हिरासत में

भारत इंफो : पंजाब में बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ते गैंगस्टरवाद के मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के आवास का घेराव किया। भाजपा नेताओं का कहना था कि राज्य में हालात दिन-ब-दिन खराब होते जा रहे हैं और सरकार इस पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।

अंदर जाने से रोके जाने पर शुरू हुई नारेबाजी
जब भाजपा नेता मुख्यमंत्री आवास के अंदर जाने लगे तो वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद भाजपा नेताओं ने आवास के बाहर ही बैठकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया और काफी देर तक हंगामा चलता रहा।

सुनील जाखड़, अश्विनी शर्मा और रवनीत बिट्टू रहे मौजूद
इस प्रदर्शन में भाजपा के प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़, कार्यकारी प्रधान अश्विनी शर्मा और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू प्रमुख रूप से शामिल रहे। नेताओं ने आरोप लगाया कि पंजाब में रोजाना गोलियां चल रही हैं और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री को अपना दर्द सुनाने आए हैं और अगर सरकार ने उनकी बात नहीं सुनी तो 2027 में जनता इसका जवाब देगी।

धक्का-मुक्की के बाद जमीन पर बैठा धरना
काफी देर इंतजार के बाद भाजपा नेताओं ने आगे बढ़ने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें सीएम आवास में प्रवेश नहीं करने दिया। इस दौरान धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बाद भाजपा नेताओं ने वहीं जमीन पर बैठकर मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने उन्हें शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन विरोध बढ़ता देख कार्रवाई करनी पड़ी।

पुलिस ने कई नेताओं को लिया हिरासत में
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने सुनील जाखड़, अश्विनी शर्मा सहित कई भाजपा नेताओं को हिरासत में लेकर थाने ले गई। हालांकि इसके बाद भी कुछ समय तक नारेबाजी जारी रही। पूरे घटनाक्रम को लेकर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *