loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 28°C
Breaking News

राणा बलाचौरिया हत्याकांड में बड़ी सफलता, 2 मुख्य शूटर को किया अरेस्ट

भारत इंफो : मोहाली के गांव सोहाना में कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान प्रमोटर और खिलाड़ी कंवर दिग्विजय उर्फ राणा बलाचौरिया की सरेआम हत्या के मामले में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और केंद्रीय एजेंसियों ने एक संयुक्त और गुप्त ऑपरेशन के दौरान पश्चिम बंगाल से दो मुख्य शूटरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान करन पाठक और तरनदीप सिंह के रूप में हुई है। पंजाब पुलिस अब इन दोनों आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर वापस पंजाब लाने की तैयारी कर रही है ताकि हत्याकांड से जुड़े अन्य राज उगलाए जा सकें।

लालडू एनकाउंटर में मारा गया था मुख्य हैंडलर मिड्डू
इस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही कड़े कदम उठाए थे। बीते 17 दिसंबर को लालडू हाईवे के पास एक खंडहर में पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई थी। इस एनकाउंटर में पुलिस ने तरनतारन निवासी हरजिंदर उर्फ मिड्डू को ढेर कर दिया था। जांच में यह पाया गया था कि हरजिंदर इस पूरे हत्याकांड का मुख्य ग्राउंड लेवल प्लानर और हैंडलर था। वारदात के समय वह खुद मौके पर मौजूद रहकर शूटरों को निर्देश दे रहा था, जिसके बाद पुलिस लगातार उसके साथियों की तलाश में जुटी हुई थी।

दिल्ली एयरपोर्ट से पकड़ा गया था मॉस्को से आया मास्टरमाइंड
पुलिस ने इस केस की कड़ियों को जोड़ते हुए मास्टरमाइंड ऐशदीप सिंह को दिल्ली एयरपोर्ट से उस समय गिरफ्तार किया था जब वह मस्कट भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस के अनुसार ऐशदीप मॉस्को में बैठकर इस हत्याकांड की साजिश रच रहा था और उसे अंजाम देने के लिए ही भारत आया था। ऐशदीप की गिरफ्तारी के बाद ही पुलिस को हरजिंदर मिड्डू और अन्य शूटरों के ठिकानों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली थी, जिससे इस पूरे गिरोह का पर्दाफाश करना संभव हो पाया।

विदेशी गैंगस्टरों का कनेक्शन और कबड्डी टूर्नामेंट पर कब्जे की होड़
पुलिस जांच में इस हत्याकांड के पीछे गहरे गैंगवार और वर्चस्व की कहानी सामने आई है। गिरफ्तार मास्टरमाइंड ऐशदीप विदेश में बैठे गैंगस्टर डोनी बाल के लगातार संपर्क में था, जो लकी पटियाल गैंग से जुड़ा हुआ है। पुलिस का कहना है कि यह गैंग पंजाब में होने वाले कबड्डी टूर्नामेंटों पर अपना एकाधिकार और दबदबा बनाना चाहता था। उन्हें संदेह था कि राणा बलाचौरिया जेल में बंद गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया का करीबी है, और इसी रंजिश के चलते कबड्डी खिलाड़ी को सरेआम निशाना बनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *