भारत इंफो : अमृतसर में आम आदमी पार्टी के सरपंच जरमल सिंह की हत्या के मामले को पंजाब पुलिस ने सुलझा लिया है। इस केस में पुलिस ने कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 2 आरोपी छत्तीसगढ़ के रायपुर, 2 मोहाली और 3 तरनतारन से पकड़े गए हैं। सभी आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पंजाब लाया जा रहा है। इस संबंध में जानकारी खुद पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने दी है।
डीजीपी गौरव यादव का बयान
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि तरनतारन निवासी सुखराज और गुरदासपुर के कर्मजीत सिंह ने ही सरपंच जरमल सिंह पर गोलियां चलाई थीं। जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड को विदेश में बैठे एक हैंडलर के इशारे पर अंजाम दिया गया। डीजीपी के अनुसार गैंगस्टर प्रभ दासुवाल के साथ सरपंच की पुरानी रंजिश इस मर्डर की मुख्य वजह बनी।
रायपुर से गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश कर 14 दिन की ट्रांजिट रिमांड पर लिया गया है। इसके बाद उन्हें पंजाब लाया जाएगा, जहां आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
4 जनवरी को शादी समारोह में हुई थी हत्या
गौरतलब है कि 4 जनवरी को तरनतारन के सरपंच जरमल सिंह अमृतसर में एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान दो शूटर मौके पर आए और सरेआम गोलियां चलाकर उनकी हत्या कर दी थी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे, जिन्हें अब पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।