loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 12°C
Breaking News

पंजाब में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, ASI को रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा

भारत इंफो : कपूरथला के फगवाड़ा सब-डिवीजन में विजिलेंस ब्यूरो ने वीरवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए सिटी थाना फगवाड़ा में तैनात एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। विजिलेंस टीम ने आरोपी ASI को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा। यह छापेमारी रात करीब 9 बजे के बाद की गई।

विजिलेंस ब्यूरो की यह कार्रवाई DSP जोगिंदरपाल के नेतृत्व में अंजाम दी गई। गिरफ्तार किए गए ASI की पहचान सरबजीत सिंह के रूप में हुई है, जो सिटी थाना फगवाड़ा में तैनात था।

गिरफ्तारी के बाद चंडीगढ़ ले जाया गया आरोपी
सूत्रों के मुताबिक आरोपी ASI ने एक गांव निवासी से जुड़े मामले को अपने पक्ष में निपटाने के बदले 5 हजार रुपये की मांग की थी। पीड़ित ने इस संबंध में विजिलेंस ब्यूरो से शिकायत की, जिसके बाद टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस ब्यूरो की टीम काफी देर तक थाने में जांच करती रही। इसके बाद टीम आरोपी ASI को अपने साथ चंडीगढ़ ले गई, जहां उससे आगे की पूछताछ की जाएगी।

पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
इस छापेमारी के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। हालांकि, अभी तक इस मामले को लेकर किसी भी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर तक विजिलेंस विभाग इस कार्रवाई को लेकर औपचारिक जानकारी साझा कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *