भारत इंफो : जालंधर में भाजपा की ओर से विकसित भारत रोजगार और आजीविका मिशन योजना के तहत एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भाजपा के इंचार्ज नरेंद्र रैना और प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ विशेष रूप से पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पंजाब में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए।
सुनील जाखड़ ने कहा कि पंजाब में बढ़ती हत्याएं और अपराध चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब तभी तरक्की कर सकता है जब राज्य में अमन और शांति का माहौल होगा। मौजूदा हालात में लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
‘युद्ध नशे विरुद्ध नहीं, खुशहाली विरुद्ध चल रहा’
सुनील जाखड़ ने सरकार के ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ अभियान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इसका दूसरा चरण शुरू कर दिया गया है, लेकिन यह युद्ध नशे के खिलाफ नहीं बल्कि पंजाब की खुशहाली, नौजवानी और किसानों के खिलाफ चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले चार सालों में पंजाब के लोगों ने सब कुछ देख लिया है और अब वे बदलाव चाहते हैं।
हत्या की घटनाओं पर सरकार की चुप्पी पर सवाल
सुनील जाखड़ ने कहा कि बीते कुछ दिनों में पंजाब में कई हत्याएं हुई हैं, लेकिन सरकार गंभीर नजर नहीं आ रही। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर चुनाव के समय गैंगस्टरों को चेतावनी देने की बातें की जाती हैं, वहीं दूसरी ओर जमीनी हकीकत कुछ और ही है। उन्होंने कहा कि बीते सात दिनों में नौ कत्ल हो चुके हैं, लेकिन सरकार अपने पुराने बयानों और मौजूदा हालात में फर्क नहीं कर पा रही है।
अमन-शांति से ही पंजाब का भविष्य सुरक्षित
सुनील जाखड़ ने दोहराया कि जब तक पंजाब में कानून-व्यवस्था मजबूत नहीं होगी, तब तक न रोजगार बढ़ेगा और न ही राज्य की तरक्की संभव है। उन्होंने कहा कि अमन-शांति ही पंजाब के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी जरूरत है।