loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 14°C
Breaking News

पंजाब में शीतलहर का सितम, कई शहरों में विजिबिलिटी जीरो, गाड़ियों की रफ्तार थमी

भारत इंफो : पंजाब और राजधानी चंडीगढ़ में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का कहर लगातार जारी है, जिसके चलते मौसम विभाग ने आज यानी वीरवार को भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ठंड का प्रकोप इस कदर बढ़ गया है कि राज्य में अब तक तीन लोगों की जान जा चुकी है। मौसम के इन बिगड़ते तेवरों को देखते हुए पंजाब सरकार ने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर कड़े कदम उठाए हैं।

स्कूलों में बढ़ाई गई छुट्टियां
बढ़ती ठंड और कोहरे की गंभीरता को देखते हुए पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने राज्य के सभी स्कूलों में छुट्टियों को 13 जनवरी तक बढ़ाने का आदेश दिया है। बुधवार को इसकी आधिकारिक जानकारी देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि लगातार बढ़ रही धुंध और गिरते तापमान के कारण बच्चों और स्कूल स्टाफ की सेहत व सुरक्षा सर्वोपरि है।

दिन के तापमान में भारी गिरावट
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब न केवल रातें बल्कि दिन भी ठिठुरन भरे होने लगे हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 1.7 डिग्री की और गिरावट देखी गई है, जो सामान्य से करीब 6.1 डिग्री कम दर्ज किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों ने लोहड़ी यानी 13 जनवरी तक घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया है।

बठिंडा में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री तक लुढ़क गया है, जो इस समय प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका बना हुआ है। इसके अलावा अमृतसर में ‘कोल्ड-डे’ की स्थिति बनी हुई है, जहां दिन भर धूप न निकलने से लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं।

विजिबिलिटी हुई बेहद कम
लगातार पड़ रहे घने कोहरे ने सड़कों पर रफ्तार को भी पूरी तरह से थाम दिया है। पटियाला, बठिंडा और हलवारा जैसे क्षेत्रों में विजिबिलिटी बेहद कम दर्ज की गई है, जिसके कारण वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हाईवे पर गाड़ियों की रफ्तार धीमी हो गई है और सुरक्षित सफर के लिए प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे का यह सिलसिला इसी तरह बना रह सकता है, जिससे जनजीवन और अधिक प्रभावित होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *