भारत इंफो : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज से अपील की है कि 15 जनवरी को उनकी पेशी का सीधा प्रसारण सभी समाचार चैनलों पर किया जाए। मुख्यमंत्री ने यह अपील सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर सार्वजनिक रूप से रखी है।
दुनियाभर की संगत की भावनाओं का दिया हवाला
पूरी दुनिया से मुझे संदेश आ रहे हैं कि 15 जनवरी को जब संगत की ओर से गोलक का हिसाब-किताब लेकर जाएंगे… सभी चैनलों पर live telecast होना चाहिए… मैं भी दुनिया भर की संगत की भावनाओं को समझते हुए जत्थेदार साहिब से निवेदन करता हूँ कि मेरे स्पष्टीकरण का सीधा प्रसारण किया जाए, ताकि…
— Bhagwant Mann (@BhagwantMann) January 8, 2026
सीएम मान ने अपने पोस्ट में लिखा कि उन्हें पूरी दुनिया से संदेश मिल रहे हैं, जिनमें संगत की यह भावना सामने आ रही है कि 15 जनवरी को जब वह संगत की ओर से गोलक के हिसाब-किताब के साथ पेश होंगे, तो पूरी प्रक्रिया का लाइव टेलीकास्ट होना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगत पल-पल और पैसे-पैसे के हिसाब से जुड़ी रह सके, इसके लिए उनके स्पष्टीकरण का सीधा प्रसारण आवश्यक है। वह 15 जनवरी को पूरे तथ्यों और सबूतों के साथ पेश होंगे।को मुलाकात करेंगे और हर सवाल का जवाब देंगे।
क्यों किया गया था मुख्यमंत्री को तलब
यह पूरा विवाद पंजाबी सिंगर जसबीर जस्सी द्वारा किए गए शबद गायन के बाद शुरू हुआ था। इस पर श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ने आपत्ति जताते हुए कहा था कि जसबीर जस्सी पूर्ण सिख नहीं हैं, इसलिए वह शबद गायन नहीं कर सकते।
जत्थेदार के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सवाल उठाया था कि यदि ऐसा है, तो फिर पतित सिखों के माथा टेकने और गोलक में पैसे चढ़ाने पर भी रोक लगाई जानी चाहिए। इसी टिप्पणी के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया और सीएम मान को अकाल तख्त में पेश होने के लिए तलब किया गया।