loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 14°C
Breaking News

‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान का फेज-2 : जिनका नाम लेने से कांपते थे लोग, उन्हें जेल भेजा-केजरीवाल

भारत इंफो : पंजाब के जालंधर स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में बुधवार को ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत की गई। इस अभियान का शुभारंभ आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और आम लोग मौजूद रहे।

पहले चरण की सफलता के बाद शुरू हुआ फेज-2
इस मौके पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज बेहद खुशी का दिन है, क्योंकि पहले चरण की सफलता के बाद अब दूसरे चरण की शुरुआत हो रही है। उन्होंने बताया कि अभियान के पहले चरण की शुरुआत 1 मार्च 2025 को की गई थी और इसे पूरी साफ नीयत के साथ लागू किया गया। केजरीवाल ने दावा किया कि पंजाब ही नहीं, बल्कि देश के किसी भी राज्य में नशे के खिलाफ इस स्तर पर कार्रवाई पहले कभी नहीं हुई।

नशा सिर्फ पंजाब की समस्या नहीं
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि नशा केवल पंजाब तक सीमित नहीं है। हरियाणा, दिल्ली और गुजरात जैसे राज्यों में भी नशा बिकता है, लेकिन वहां की सरकारों ने इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई शुरू की है।

पिछली सरकारों पर साधा निशाना
केजरीवाल ने पूर्ववर्ती सरकारों की आलोचना करते हुए कहा कि अकाली दल के शासनकाल में नशा घर-घर तक पहुंचा और उनके कई नेता खुद इस नेटवर्क से जुड़े रहे। इसके बाद आई कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार ने 60 दिनों में नशा खत्म करने की शपथ ली थी, लेकिन वह इस दिशा में कोई ठोस नतीजा नहीं दे सकी।

एक साल में 28 केस, 42 हजार तस्कर गिरफ्तार
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद भी लोगों ने डर दिखाया कि नशा तस्कर बहुत ताकतवर हैं। इसके बावजूद सरकार ने जनता से किया गया वादा निभाया। उन्होंने बताया कि एक साल के भीतर 28 हजार NDPS केस दर्ज किए गए हैं, जो पूरी तरह वास्तविक हैं। इन मामलों में 88 प्रतिशत सजा हो रही है। इस दौरान करीब 42 हजार नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 350 बड़े तस्कर शामिल हैं।

तस्करों की संपत्तियों पर चला बुलडोजर
केजरीवाल ने कहा कि राज्य के कई गांवों और इलाकों में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। अवैध कमाई से बनाए गए घरों, महलों और इमारतों पर बुलडोजर एक्शन लिया गया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों का नाम लेने से आम जनता, प्रशासन और पुलिस तक डरती थी, उन्हें पकड़कर जेल भेजा गया। यह आम आदमी पार्टी सरकार की राजनीतिक इच्छाशक्ति का प्रमाण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *