loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 23°C
Breaking News

पंजाब में घना कोहरा और शीतलहर का कहर, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

भारत इंफो : पंजाब के सभी जिलों में बुधवार को घना कोहरा पड़ रहा है। मौसम विभाग ने इसको लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में दृश्यता बेहद कम रह सकती है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित होने की आशंका है।

चार जिलों में कोल्ड-डे की संभावना
मौसम विभाग ने मोहाली, नवांशहर, रूपनगर और पटियाला में शीत लहर के साथ कोल्ड-डे की स्थिति बनने की चेतावनी दी है। इसके अलावा राजस्थान से सटे फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा जिलों में भी दिन के तापमान में खास गिरावट दर्ज की जा सकती है।

तापमान में लगातार गिरावट
पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब के अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे तापमान सामान्य से तीन डिग्री नीचे चला गया है। रात के तापमान में भी गिरावट का सिलसिला जारी है। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान बठिंडा में 4.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। हालांकि, मौसम विभाग ने फिलहाल मौसम को ड्राई रहने की संभावना जताई है।

अमृतसर में जीरो विजिबिलिटी
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में ऊंचाई पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण तेज पश्चिमी हवाएं यानी जेट स्ट्रीम चल रही हैं। इसी वजह से शीतलहर और घने कोहरे की स्थिति बनी हुई है। इस दौरान अमृतसर और हलवारा में जीरो विजिबिलिटी दर्ज की गई है, जबकि बल्लोवाल सौंखड़ी में 10 मीटर और बठिंडा में 150 मीटर तक दृश्यता रिकॉर्ड की गई है।

कई जिलों में बेहद घना कोहरा
आज अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में बहुत घना से बेहद घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं पठानकोट, गुरदासपुर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा, संगरूर, रूपनगर, एसएएस नगर मोहाली और मालेरकोटला में कहीं-कहीं घना कोहरा देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *