भारत इंफो : कांग्रेस ने गांधी जी के नाम का केवल राजनीतिक इस्तेमाल किया जालंधर पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मनरेगा योजना को लेकर कांग्रेस पार्टी पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए महात्मा गांधी का नाम केवल राजनीति साधने का एक जरिया मात्र बनकर रह गया है।
ठाकुर ने तर्क दिया कि जब कांग्रेस जवाहर रोजगार योजना और संपूर्ण रोजगार योजना जैसी स्कीमें लाई थी, तब उसे महात्मा गांधी की याद नहीं आई, लेकिन 2004 के बाद राजनीतिक लाभ के लिए नरेगा के साथ गांधी जी का नाम जोड़ दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने दशकों तक गरीबों को केवल गुमराह किया है और गांधी जी के आदर्शों के बजाय उनके नाम का इस्तेमाल वोट बैंक के लिए किया।
मोदी सरकार में मनरेगा का कायाकल्प और बढ़ा हुआ बजट
ग्रामीण अर्थव्यवस्था और रोजगार पर बात करते हुए अनुराग ठाकुर ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार मनरेगा को नई ऊंचाइयों पर ले गई है। उन्होंने आंकड़े पेश करते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में मनरेगा का वार्षिक बजट मात्र 30 हजार करोड़ रुपये के आसपास रहता था, जिसे वर्तमान भाजपा सरकार ने बढ़ाकर 1 लाख 11 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचा दिया है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सरकार अब मनरेगा के तहत मिलने वाले 100 दिन के रोजगार को बढ़ाकर 125 दिन करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है और आने वाले समय में मजदूरों की दिहाड़ी में भी अच्छी-खासी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
पंजाब में कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी को घेरा
प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए अनुराग ठाकुर ने आम आदमी पार्टी की सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि चार साल पहले सत्ता में आने से पूर्व ‘आप’ ने पंजाब को नशा मुक्त और गैंगस्टर मुक्त बनाने का वादा किया था, लेकिन आज राज्य में अपराधी बेखौफ हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश का व्यापारी वर्ग आज खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है क्योंकि गैंगस्टर सरेआम फायरिंग कर रहे हैं और फिरौती मांग रहे हैं। खेलों को बढ़ावा देने वाले प्रमुख लोगों की हत्याओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि विदेशों में बैठे अपराधी पंजाब में वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और राज्य सरकार मूकदर्शक बनी बैठी है। उन्होंने चेतावनी दी कि पंजाब की जनता सरकार की इस विफलता का जवाब आने वाले समय में जरूर देगी।