भारत इंफो : पाकिस्तान में शुक्रवार तड़के आए भूकंप के कुछ ही घंटों बाद भारत के पश्चिम बंगाल में भी धरती डोल उठी। शुक्रवार सुबह करीब 10:08 बजे कोलकाता समेत बंगाल के कई सीमावर्ती जिलों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए।
बांग्लादेश था भूकंप का केंद्र
यूरोपियन मेडिटेरेनियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर (EMSC) के मुताबिक, इन झटकों का केंद्र पड़ोसी देश बांग्लादेश में था। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.5 मापी गई है। भूकंप का केंद्र जमीन से महज 10 किलोमीटर नीचे था। कम गहराई (Shallow Depth) होने के कारण सतह पर इसका असर ज्यादा महसूस हुआ और लोग दहशत में आ गए।
एक ही दिन में दो देशों में हलचल
शुक्रवार का दिन भूगर्भीय हलचलों के नाम रहा। बंगाल में झटके महसूस होने से ठीक पहले पाकिस्तान में भी 5.2 तीव्रता का भूकंप आया था। हालांकि, इन दोनों घटनाओं के बीच सीधे संबंध की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एक ही दिन में पड़ोसी देशों में आई इस आपदा ने वैज्ञानिकों की चिंता बढ़ा दी है।
जानिए भूकंप आने की वजह
वैज्ञानिकों के अनुसार, हमारी धरती की ऊपरी सतह (क्रस्ट) कई विशाल टुकड़ों में बंटी है, जिन्हें ‘टेक्टॉनिक प्लेट्स’ कहा जाता है।
कैसे आता है भूकंप?
1. प्लेटों की गति: ये प्लेटें स्थिर नहीं होतीं, बल्कि धीरे-धीरे तैरती रहती हैं।
2. घर्षण और ऊर्जा: जब ये प्लेटें आपस में टकराती हैं या रगड़ खाती हैं, तो भारी मात्रा में ऊर्जा (Energy) जमा होती है।
3. कंपन: यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के मुताबिक, जब यह जमा हुआ तनाव (Stress) अचानक रिलीज होता है, तो यह तरंगों के रूप में बाहर निकलता है। यही तरंगें जब सतह पर पहुंचती हैं, तो हमें भूकंप के झटके महसूस होते हैं।