भारत इंफो : जालंधर के भार्गव कैंप इलाके में प्रेम संबंधों में आए तनाव ने एक युवक की जान ले ली। अमनदीप नामक युवक ने अपनी प्रेमिका द्वारा शादी से अचानक इंकार किए जाने के बाद फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मरने से पहले उसने छह भावुक वीडियो बनाकर दर्दभरी बातें कही थीं। परिवार का आरोप है कि लड़की और उसके परिवार ने लगातार प्रताड़ित किया, जिसके चलते युवक ने यह कदम उठाया।
‘लास्ट मौका दे के देखदी, मैं पहले वरगा बन जाना-सी’
अमनदीप ने वीडियो में कहा कि वह टूट चुका है लेकिन कुछ और करने की हिम्मत नहीं बची। उसने कहा – “बहुत हिम्मत चाहिदी आ। मन ता नहीं करदा पिया, पर होर कुछ कर भी नहीं सकदा। रोंदा नहीं मैं टेंशन ना ले… तैनूं तेरा फ्यूचर मुबारक। जे तू एक लास्ट मौका दे के देखदी, मैं पहले वरगा बन जाना-सी… पर कहदें कोई तीजा आ गया साढ़े विच।”
युवक ने बताया कि उसे तीन दिन से भूख नहीं लगी, लड़की ने एक बार भी हाल नहीं पूछा। उसने दर्दभरे शब्दों में कहा- “सोखा नहीं हैगा मरना… जहर नहीं मिलदा, सौखा तरीका सी… एक गल दा दुख है, तू आखिरी वार मेरे नाल गल नहीं कीती।”
परिवार ने सगाई भी करा दी थी
मृतक की मां के अनुसार अमनदीप दो साल से उसी इलाके की एक युवती से प्रेम करता था। दोनों परिवारों ने रिश्ते को मंजूरी देकर जालंधर के एक होटल में सगाई तक करवाई थी। लड़की पक्ष ने उस समय लड़के की कम उम्र बताकर शादी को पांच साल तक टालने की बात कही और परिवार मान गया।
सगाई के बाद युवती अक्सर अमनदीप के घर आती रही और दोनों की बातचीत नियमित थी। लेकिन लगभग एक माह पहले उसने अचानक संपर्क तोड़ दिया।
शादी न होने पर परेशान था युवक
मां और बहन जब युवती के घर पहुंचीं तो परिवार की ओर से कथित तौर पर बदसलूकी की गई और साफ कहा गया कि शादी नहीं होगी। इससे युवक गहरी मानसिक स्थिति में चला गया और अंततः उसने जान दे दी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सूचना पर थाना भार्गव कैंप पुलिस मौके पर पहुंची और अमनदीप का शव पंखे से उतारकर सिविल अस्पताल भेजा। जांच अधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।