भारत इंफो : मशहूर पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा का हिमाचल प्रदेश में एक गंभीर बाइक एक्सीडेंट हो गया है, जिसके बाद उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
तेज रफ्तार के कारण हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा आज सुबह करीब 7:30 बजे हुआ।सिंगर राजवीर जवंदा अपनी बाइक से हिमाचल के बद्दी से शिमला जा रहे थे। बताया जा रहा है कि बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण यह दुर्घटना हुई।
सिर में लगी गहरी चोट, निगरानी में डॉक्टर
हादसे के बाद राजवीर जवंदा को तुरंत मोहाली के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया। सूत्रों के मुताबिक राजवीर के सिर में गहरी चोट लगी है, यही कारण है कि उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है। खबर मिलते ही पंजाबी सिंगर कुलविंदर बिल्ला और कंवर ग्रेवाल सहित कई साथी कलाकार उनका हाल जानने फोर्टिस अस्पताल पहुंचे हैं।
‘कंगनी’ गाने से मिली थी प्रसिद्धि
राजवीर जवंदा पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री का एक जाना-माना नाम हैं। उन्हें उनके सुपरहिट गाने ‘कंगनी’ से जबरदस्त प्रसिद्धि मिली थी। इसके अलावा उन्होंने ‘सरदार’, ‘कमला’, ‘मेरा दिल’, ‘पुत्त जट्टां दा’ और ‘पटियाला वाला’ जैसे कई मशहूर गाने गाए हैं।