भारत इंफो : शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने सख्त कार्रवाई करते हुए ज्ञानी रघबीर सिंह को श्री हरिमंदिर साहिब के हेड ग्रंथी पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। इसका ऐलान SGPC प्रधान हरजिंदर सिंह धामी ने किया है। इसके साथ ही उन्होंने कई गंभीर आरोप भी लगाए हैं।
72 घंटे में सबूत न देने पर कार्रवाई
SGPC प्रधान हरजिंदर धामी ने कहा कि रघबीर सिंह की गतिविधियों के कारण कमेटी की साख को ठेस पहुंची है और संस्था की छवि धूमिल हुई है। हेड ग्रंथी रहते हुए उन्होंने नियमों का उल्लंघन किया और मर्यादा के विपरीत काम किए। पिछले 72 घंटों में आरोपों से जुड़े किसी भी प्रकार के प्रमाण ज्ञानी रघबीर सिंह की ओर से प्रस्तुत नहीं किए गए। इसी कारण कमेटी ने सख्त फैसला लेते हुए उनकी सभी सेवाएं समाप्त कर दीं।
सिख सियासत में बढ़ सकती है हलचल
इस फैसले के बाद सिख धार्मिक और राजनीतिक हलकों में नई चर्चा शुरू हो गई है। अभी तक ज्ञानी रघबीर सिंह की ओर से इस कार्रवाई पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सूत्रों का कहना है कि जल्द ही किसी नए व्यक्ति को हेड ग्रंथी की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।