loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 22°C
Breaking News

पंजाब में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ली युवक की जान, दुकान में घुसी कार

भारत इंफो : मोगा के धल्लेके गांव में देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो बेकाबू होकर घर में बनी दुकान में जा घुसी। इस दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय सुखवीर सिंह की मौत हो गई। पूरी घटना गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसकी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में दहशत फैल गई।

दूध लेने गया था युवक
जानकारी के अनुसार रात करीब 10 बजे सुखवीर दूध लेने दुकान पर गया था। उसी समय तेज गति से आई स्कॉर्पियो ने बाहर खड़े युवकों को टक्कर मारते हुए सीधे दुकान में घुसकर सबको चौंका दिया। हादसे के तुरंत बाद गाड़ी में सवार चार युवक मौके से फरार हो गए, जबकि एक आरोपी को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

गाड़ी में मिली शराब की बोतलें
दुकानदार राजकुमार ने बताया कि हादसा अचानक हुआ और कार सीधे दुकान के अंदर घुस आई। उस समय बाहर मौजूद अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं। उन्होंने दावा किया कि कार में बैठे युवक शराब के नशे में थे और वाहन के अंदर शराब की बोतलें भी मिलीं।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक के भाई लखबीर ने बताया कि सुखवीर एक सैलून में काम करता था। वह शादीशुदा था और उसका तीन साल का बेटा है। हादसे के बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *