loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 29°C
Breaking News

पंजाब में ‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ का आगाज, 72 घंटे की महा-घेराबंदी

भारत इंफो : पंजाब पुलिस ने राज्य में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने और गैंगस्टर कल्चर को जड़ से मिटाने के लिए ‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ की तैयारी पूरी कर ली है। यह विशेष अभियान कल यानी 9 फरवरी को सुबह 8 बजे से शुरू होगा और अगले 72 घंटों तक लगातार जारी रहेगा।

इस मिशन की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसके सफल संचालन के लिए सीनियर अधिकारियों को अलग-अलग जिले आवंटित किए गए हैं। मैदान में कुल 12 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जो चप्पे-चप्पे पर अपराधियों की धरपकड़ करेंगे।

डीजीपी की दो टूक चेतावनी

रविवार को चंडीगढ़ में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डीजीपी गौरव यादव ने स्पष्ट किया कि पंजाब को गैंगस्टर और क्राइम फ्री बनाना ही पुलिस का एकमात्र लक्ष्य है। उन्होंने अपराधियों को मौका देते हुए कहा कि जो सरेंडर करना चाहते हैं, वे कानून के सामने समर्पण कर सकते हैं।

साथ ही उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जो गैंगस्टर विदेशों में बैठकर नेटवर्क चला रहे हैं, उन्हें वापस लाने के लिए केंद्र सरकार के माध्यम से कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस बार ऑपरेशन की खास बात यह है कि फील्ड में तैनात इंचार्ज अधिकारियों और एसएसपी की जवाबदेही तय की जाएगी और उनके काम के आधार पर परफॉर्मेंस इवैल्यूएशन (मूल्यांकन) किया जाएगा।

पहले चरण की सफलता और शस्त्रों पर बड़ी कार्रवाई

ऑपरेशन प्रहार के पहले चरण के परिणामों पर रोशनी डालते हुए डीजीपी ने बताया कि 20 जनवरी से शुरू हुए अभियान में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली थी। उस दौरान कुल 5,290 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 2,973 प्रिवेंटिव डिटेंशन की गईं।

हालांकि, जांच और पूछताछ के बाद 5,413 लोगों को छोड़ा भी गया था। पुलिस अब हथियारों के दुरुपयोग पर भी बड़ा एक्शन लेने जा रही है, जिसके तहत प्रदेश भर में लगभग 7,000 हथियारों के लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पुलिस प्रशासन का लक्ष्य केवल गिरफ्तारी नहीं, बल्कि राज्य के हर नागरिक के मन में सुरक्षा का भाव पैदा करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *