भारत इंफो : फाजिल्का-मलोट नेशनल हाईवे पर अरनीवाला के समीप एक तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा जाने के कारण बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में गाड़ी में सवार कुल छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें से तीन पुलिस कर्मचारी बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
सड़क सुरक्षा फोर्स की त्वरित कार्रवाई
मामले की जानकारी देते हुए एसएसएफ टीम के इंचार्ज देवी दयाल ने बताया कि वे अपनी टीम के साथ गश्त पर थे, तभी उन्हें अरनीवाला के पास दुर्घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुँचने पर पता चला कि गाड़ी की टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए थे। टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को मलबे से बाहर निकाला और उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में पहुँचाया।
दो की हालत गंभीर, एम्स बठिंडा रेफर
हादसे में घायल चार लोगों को फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है, जबकि दो अन्य की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत एम्स बठिंडा रेफर कर दिया गया। गंभीर रूप से घायलों की पहचान हरियाणा के सिरसा निवासी अंग्रेज सिंह और मोहाली सीआईए के इंस्पेक्टर हरमिंदर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, कार की रफ्तार तेज होने के कारण चालक का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी सीधे सड़क किनारे लगे पेड़ से जा भिड़ी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।