loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 39°C
Breaking News

CM मान हेलिकॉप्टर विवाद : RTI एक्टिविस्ट और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स पर FIR

भारत इंफो : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के सरकारी हेलिकॉप्टर के कथित दुरुपयोग को लेकर सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करने वालों पर पंजाब पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। पुलिस ने एक चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, एक RTI एक्टिविस्ट और कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से जुड़े लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस का आरोप है कि इन लोगों ने मुख्यमंत्री की विदेश यात्रा के दौरान हेलिकॉप्टर के इस्तेमाल को लेकर भ्रामक और गलत जानकारी फैलाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश की।

लुधियाना साइबर थाने में दर्ज हुई FIR
यह मामला लुधियाना के साइबर क्राइम पुलिस थाने में SHO इंस्पेक्टर सतबीर सिंह की शिकायत पर 12 दिसंबर को दर्ज किया गया था। शुरुआती दौर में इस कार्रवाई को गोपनीय रखा गया। FIR में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मिंटू गुरुसरिया और RTI एक्टिविस्ट माणिक गोयल के नाम प्रमुख रूप से सामने आए हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 353(1), 353(2) और 61(2) के तहत केस दर्ज किया है।

फ्लाइट डेटा को गलत तरीके से पेश करने का आरोप
पुलिस की जांच में सामने आया है कि मुख्यमंत्री की जापान और दक्षिण कोरिया की आधिकारिक यात्रा के दौरान हेलिकॉप्टर के कथित दुरुपयोग को लेकर सोशल मीडिया पर गलत दावे किए गए। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा की जानबूझकर गलत व्याख्या की और असंबंधित दृश्यों को जोड़कर एक झूठी कहानी गढ़ी। पुलिस के अनुसार, आधिकारिक रिकॉर्ड यह स्पष्ट करते हैं कि उस समय हेलिकॉप्टर का उपयोग एक अधिकृत अधिकारी द्वारा किया गया था।

संवैधानिक संस्थानों की छवि खराब करने का आरोप
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की भ्रामक सूचनाएं न केवल जनता में भ्रम पैदा करती हैं, बल्कि संवैधानिक संस्थाओं की साख को भी नुकसान पहुंचाती हैं। पुलिस का मानना है कि पंजाब जैसे सीमावर्ती राज्य में इस प्रकार का दुष्प्रचार सार्वजनिक व्यवस्था पर भी असर डाल सकता है। FIR में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूरे मामले की गहन जांच की जाएगी और यह पता लगाया जाएगा कि इसके पीछे और कौन लोग शामिल हैं।

कई सोशल मीडिया अकाउंट FIR की जद में
पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ने उन अकाउंट्स की पहचान की है, जिन्होंने फेसबुक और अन्य प्लेटफॉर्म पर यह सामग्री साझा की थी। FIR के अनुसार, मिंटू गुरुसरिया और माणिक गोयल के अलावा गगन रामगढ़िया, हरमन फार्मर, मनदीप मक्कड़, गुरलाल एस मान, सनाम्मू धालीवाल, अर्जन लाइव, दीप मंगली और ‘लोक आवाज टीवी’ के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।

RTI एक्टिविस्ट माणिक गोयल ने उठाए सवाल
इस पूरे मामले पर RTI एक्टिविस्ट माणिक गोयल ने सरकार की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से सरकारी खर्च और प्रशासनिक मामलों को लेकर सवाल पूछते रहे हैं, लेकिन जवाब देने के बजाय अब उनके खिलाफ केस दर्ज कर दिया गया। गोयल का कहना है कि उन्होंने केवल फ्लाइट डेटा के आधार पर यह सवाल उठाया था कि मुख्यमंत्री के विदेश में रहते हुए हेलिकॉप्टर ने चंडीगढ़ और अमृतसर के बीच उड़ानें क्यों भरीं।

इन्फ्लुएंसर मिंटू गुरदासरिया का सरकार पर आरोप
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मिंटू गुरदासरिया ने फेसबुक लाइव के जरिए कहा कि सवाल पूछना हर नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार RTI के तहत जानकारी देने से बच रही है और अब सवाल पूछने वालों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह इस FIR को अदालत में चुनौती देंगे और पूछेंगे कि यह केस किस कानूनी आधार पर दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *