भारत इंफो : चंडीगढ़ में गैंगवार के दौरान इंदरप्रीत सिंह पैरी की हत्या के बाद गैंगस्टर दुनिया में तनाव और बढ़ गया है। कनाडा में बैठे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का एक वॉइस नोट वायरल हुआ है, जिसमें वह लॉरेंस बिश्नोई को “गलतफहमी का शिकार” बताते हुए खुली धमकी देता दिख रहा है। गोल्डी ने कहा कि पैरी को मारकर लॉरेंस ने “अपनी मौत के कागज़ पर खुद साइन कर दिए हैं” और गद्दारी की सजा उसे जरूर मिलेगी।
सीपे की हत्या को लेकर पैदा हुई गलतफहमी का जिक्र
गोल्डी द्वारा जारी वॉइस नोट में दुबई में मारे गए सीपे की हत्या का भी जिक्र है। उसने कहा कि जिस विक्की टहले को निशाना बनाया जा रहा है, उसका इस मामले से कोई संबंध नहीं है। गोल्डी के अनुसार, लॉरेंस को गलत धारणा हो गई है कि विक्की टहला सीपे हत्याकांड में शामिल था।
लॉरेंस और पैरी की कॉल रिकॉर्डिंग ने बढ़ाया विवाद
इस घटना से पहले लॉरेंस के लिए काम करने वाले हैरी बॉक्सर का धमकी भरा वॉइस नोट सामने आया था। इसके बाद पैरी और लॉरेंस के बीच हुई आखिरी कॉल की रिकॉर्डिंग भी वायरल हुई थी। इसमें लॉरेंस पैरी को बातचीत के दौरान धमकाता सुनाई दिया।
गोल्डी: पैरी ने बातचीत विक्की को भेजने के लिए रिकॉर्ड की थी
अपने वॉइस नोट में गोल्डी बराड़ ने दावा किया कि पैरी ने लॉरेंस की कॉल रिकॉर्डिंग इसलिए की, ताकि वह इसे विक्की टहले को भेज सके। लॉरेंस पैरी से विक्की को एक संदेश दिलवाना चाहता था, जिसके चलते पैरी ने फोन उठाते ही रिकॉर्डिंग ऑन कर ली।
विक्की टहले का कनेक्शन न होने का दावा
गोल्डी ने साफ कहा कि सीपे की हत्या में विक्की टहले की कोई भूमिका नहीं है। लॉरेंस को शक इसलिए हुआ क्योंकि दुबई में सीपा जिस मनी के घर रुका था, वह मनी और विक्की आपस में कॉलेज के दोस्त हैं। इस बातचीत के आधार पर ही लॉरेंस ने गलतफहमी पाल ली।
सीपा को बताया पुलिस का मुखबिर
गोल्डी बराड़ ने आगे बताया कि विक्की टहला पहले ही मनी को सावधान कर चुका था कि सीपा भरोसेमंद व्यक्ति नहीं है और पुलिस का मुखबिर जैसा व्यवहार करता है। जेल में उसके व्यवहार को देखकर उसने मनी को चेताया था कि सीपा उसके घर रहकर उसकी जानकारी पुलिस तक पहुंचा सकता है।