loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 24°C
Breaking News

इंग्लैंड जाने की कोशिश में डूबी नाव, जालंधर का युवक अरविंदर सिंह लापता

भारत इंफो : जालंधर के लुबाना गांव का 29 वर्षीय युवक अरविंदर सिंह इंग्लैंड जाने की कोशिश के दौरान लापता हो गया है। अरविंदर उन लगभग 80 लोगों में शामिल था जो 1 अक्टूबर को फ्रांस से एक नाव के जरिए इंग्लिश चैनल पार कर इंग्लैंड पहुंचने का प्रयास कर रहे थे। दुर्भाग्यवश, रास्ते में नाव पलट गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई और तब से अरविंदर का कोई सुराग नहीं मिला है।

कपूरथला के साथी ने दी हादसे की जानकारी
परिवार को इस दुखद घटना की सूचना 2 अक्टूबर को मिली। उसी नाव में सवार कपूरथला के एक अन्य युवक ने फोन करके अरविंदर के भाई को बताया कि नाव पर सवार लगभग सभी लोगों को बचा लिया गया है, लेकिन अरविंदर गायब है।

पुर्तगाल से इंग्लैंड जाने का बदला प्लान
अरविंदर के भाई अशविंदर सिंह ने बताया कि अरविंदर 18 मई को वर्क परमिट वीजा पर पुर्तगाल गया था और वहीं रह रहा था। 5 सितंबर को उसने अपनी बायोमेट्रिक प्रक्रिया भी पूरी कर ली थी। हालांकि पुर्तगाल में कुछ युवकों से मिलने के बाद उसने अवैध रूप से इंग्लैंड जाने का जोखिम भरा प्लान बना लिया। पहले उसने ट्रक से सीमा पार करने की कोशिश की, लेकिन असफल रहा, जिसके बाद उसने नाव से यात्रा की योजना बनाई।

परिवार ने किया था मना
परिवार के सदस्यों ने बताया कि उन्होंने अरविंदर को इतना जोखिम भरा कदम न उठाने की सलाह दी थी। अरविंदर ने आखिरी बार 29 सितंबर को घर पर बात की थी, लेकिन उसने नाव से जाने की योजना के बारे में कुछ नहीं बताया। दो दिन बाद ही परिवार को पता चला कि वह उस नाव में था जो इंग्लिश चैनल में हादसे का शिकार हो गई। परिवार अब गहरे सदमे में है और अरविंदर के सकुशल होने की उम्मीद कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *