loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 18°C
Breaking News

OTS: पंजाब में बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, बकाया बिलों पर 100% जुर्माना और ब्याज माफ

महत्वपूर्ण: सरकार ने बिजली का मूल बकाया माफ नहीं किया है। केवल ब्याज, लेट पेमेंट सरचार्ज और जुर्माने में 100 प्रतिशत छूट दी है।

भारत इंफो, चंडीगढ़

पंजाब की भगवंत मान सरकार ने घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए वन टाइम सेटलमेंट (OTS) योजना शुरू की है। इसके तहत 31 मार्च 2026 तक के बकाया बिजली बिलों पर लगने वाला पूरा जुर्माना और ब्याज माफ किया जाएगा।

मुख्यमंत्री भगवंत मान के अनुसार, इस योजना से राज्य के करीब 24.86 लाख परिवारों को लाभ मिलेगा। सरकार करीब 518 करोड़ रुपये का जुर्माना और ब्याज माफ करेगी।

योजना के तहत उपभोक्ताओं को केवल मूल बकाया राशि जमा करवानी होगी। इसके लिए 25 प्रतिशत राशि पहले जमा करनी होगी, जबकि शेष 75 प्रतिशत राशि दो किस्तों में एक साल के भीतर चुकाई जा सकेगी। जरूरतमंद उपभोक्ताओं को भुगतान के लिए छह महीने की अतिरिक्त मोहलत भी मिल सकती है।

खास बात यह है कि जिन उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन बिल बकाया होने के कारण काट दिए गए हैं, वे भी इस योजना का लाभ उठा सकेंगे। मूल बकाया राशि का भुगतान करने पर उनका बिजली कनेक्शन दोबारा बहाल किया जा सकेगा।

PSPCL के अनुसार, यह योजना 14 नवंबर 2026 को जारी वाणिज्यिक सर्कुलर से 45 दिनों तक लागू रहेगी। पात्र उपभोक्ताओं को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। बिजली निगम सात दिनों के भीतर उपभोक्ताओं को विशेष OTS बिल और नोटिस भी भेजेगा। सरकार का कहना है कि इस फैसले से आर्थिक परेशानियों के कारण बिजली बिल जमा नहीं कर पाए परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *