खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताने वाले व्यक्ति ने AAP विधायक जरनैल सिंह को किया फोन
मोहाली साइबर क्राइम थाने में FIR दर्ज
भारत इंफो, मोहाली
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। धमकी देने वाले व्यक्ति ने 7 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है। आरोपी ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए दिल्ली के तिलक नगर से AAP विधायक जरनैल सिंह को फोन किया और व्हाट्सएप पर धमकी भरा संदेश भी भेजा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, विधायक जरनैल सिंह ने इस संबंध में 6 नवंबर को मोहाली के एसएसपी को शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि उनके निजी मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। इसके बाद उसी नंबर से व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर 7 करोड़ रुपये की मांग की गई।
आरोपी ने विधायक से कहा कि वह केजरीवाल तक यह संदेश पहुंचा दें कि 7 करोड़ रुपये दे दें, अन्यथा उन्हें और उनकी बेटी को जान से मार दिया जाएगा। आरोपी ने फोन कॉल के साथ लिखित संदेश में भी फिरौती की मांग दोहराई। उसके व्हाट्सएप प्रोफाइल पर ‘एच’ नाम दिखाई दे रहा था।
मोहाली में साइबर क्राइम थाने में मामला विधायक की शिकायत के आधार पर मोहाली के साइबर क्राइम थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला फिरौती, आपराधिक धमकी और आईटी एक्ट के तहत अपराध का पाया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 308(4), 351(2), 351(3), 351(4), 111(2) और आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मामला दर्ज किया है। जांच की जिम्मेदारी साइबर क्राइम थाने के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई है।
मोबाइल लोकेशन और IP लॉग खंगालने की मांग
विधायक जरनैल सिंह ने पुलिस से आरोपी के मोबाइल नंबर का कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), IP लॉग और लोकेशन ट्रेस करने की मांग की है। उन्होंने आरोपी के सहयोगियों की पहचान कर गिरफ्तारी करने और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ तालमेल कर अरविंद केजरीवाल तथा उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील भी की है। शिकायत के साथ धमकी भरे व्हाट्सएप संदेश का स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपा गया है। फिलहाल आरोपी की पहचान और धमकी के पीछे की वास्तविक मंशा की जांच की जा रही है।