loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 18°C
Breaking News

कोलकाता-मुंबई एयर इंडिया फ्लाइट को हाईजैक करने की धमकी देने वाला यात्री गिरफ्तार, हैंडराइटिंग मैच होने पर पकड़ा गया

विमान के टॉयलेट में मिला था हाथ से लिखा धमकी भरा नोट

105 यात्रियों को उतारकर विमान की हुई जांच

सात घंटे की देरी से मुंबई पहुंची फ्लाइट

भारत इंफो, कोलकाता

कोलकाता से मुंबई जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट को हाईजैक करने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक यात्री को हिरासत में लिया है। जांच के दौरान विमान के टॉयलेट में मिले धमकी भरे नोट की लिखावट एक यात्री की लिखावट से मेल खाने के बाद उसे पकड़ा गया। आरोपी पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। उसे कोलकाता एयरपोर्ट पुलिस के हवाले कर दिया गया है और मामले की आगे जांच की जा रही है। यह घटना बुधवार, 11 नवंबर को नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुई थी। एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2772 कोलकाता से मुंबई जाने वाली थी। विमान में 105 यात्री सवार थे और उड़ान सुबह करीब 10:30 बजे निर्धारित थी।

टॉयलेट में मिला हाईजैक करने की धमकी का नोट

एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, विमान के केबिन क्रू सदस्य को सुबह करीब 10:37 बजे विमान के टॉयलेट में हाथ से लिखा एक नोट मिला। इसमें विमान को सुबह 11:10 बजे हाईजैक करने की धमकी दी गई थी। नोट मिलने के तुरंत बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को इसकी सूचना दी गई।धमकी को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिया गया। विमान को रनवे से हटाकर आइसोलेशन बे में ले जाया गया और सभी 105 यात्रियों को नीचे उतार दिया गया। विमान की विस्तृत तलाशी के साथ यात्रियों के सामान की भी जांच की गई।

लिखावट का मिलान होने पर पकड़ा गया यात्री

गुरुवार को एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) की ओर से जारी बयान में बताया गया कि इस मामले में एक यात्री को हिरासत में लेकर एयरपोर्ट पुलिस के हवाले किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, जांच अधिकारियों ने धमकी भरे नोट की लिखावट का यात्रियों की लिखावट से मिलान किया था। एक यात्री की लिखावट नोट से मेल खाने के बाद उसे हिरासत में लिया गया। आरोपी की पहचान मुर्शिदाबाद निवासी व्यक्ति के रूप में हुई है।

सात घंटे बाद मुंबई के लिए रवाना हुआ विमान

सुरक्षा एजेंसियों की जांच और निर्धारित प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद विमान को उड़ान की अनुमति दी गई। फ्लाइट AI 2772 ने बुधवार शाम 5:38 बजे मुंबई के लिए उड़ान भरी। इस तरह यात्रियों को करीब सात घंटे की देरी का सामना करना पड़ा।

एयरपोर्ट अधिकारियों ने बाद में स्पष्ट किया कि हाईजैक की धमकी फर्जी थी और जांच के दौरान विमान में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए यात्री से पूछताछ कर रही है। धमकी देने के पीछे उसका मकसद क्या था, इसकी जांच जारी है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *