loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 18°C
Breaking News

अमृतसर में जमीन कब्जाने के लिए गोलियों की बरसात! 25 राउंड फायरिंग कर JCB से गिराया लेंटर

भारत इंफो : अमृतसर में जमीन पर कब्जे को लेकर हथियारबंद हमलावरों ने जमकर आतंक मचाया। तरनतारन रोड इलाके में बुधवार देर रात करीब 25 राउंड गोलियां चलाई गईं। हमलावरों ने पहले दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की और फिर जेसीबी मशीन लेकर पहुंचे आरोपियों ने जमीन पर हाल ही में डाला गया लेंटर ढहा दिया। हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल से कुछ ही मीटर की दूरी पर पैरामिलिट्री फोर्स के जवान तैनात थे, लेकिन इसके बावजूद हमलावर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

पूरी घटना इलाके में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में एक हमलावर गाड़ी से उतरकर हाथ में पिस्तौल लिए दिखाई दे रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। मामला अमृतसर कमिश्नरेट के तरनतारन रोड क्षेत्र का है।

पहले हवाई फायरिंग, फिर JCB से ढहाया निर्माण
जानकारी के मुताबिक, जमीन पर कब्जे को लेकर चल रहे विवाद के बीच बुधवार देर रात हथियारबंद लोग मौके पर पहुंचे। आरोपियों ने आते ही गोलियां चलानी शुरू कर दीं। करीब 25 राउंड फायरिंग करने के बाद उन्होंने जेसीबी मशीन की मदद से जमीन पर नया डाला गया लेंटर गिरा दिया। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के लोग सहम गए। गोलियों की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पैरामिलिट्री जवानों की तैनाती के बावजूद बेखौफ रहे हमलावर
इस वारदात का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि जिस जगह फायरिंग और तोड़फोड़ की गई, वहां से कुछ मीटर की दूरी पर पैरामिलिट्री फोर्स के जवान तैनात थे। इसके बावजूद हमलावरों ने हथियारों के साथ खुलेआम फायरिंग की और जेसीबी से निर्माण गिराकर फरार हो गए। इस घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

मौके से मिले 20 से 25 खाली कारतूस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद वहां से करीब 20 से 25 खाली कारतूस के खोल बरामद किए। इसके अलावा आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ली गई है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश
मौके पर पहुंचे एसीपी ने बताया कि पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है और उसमें दिखाई दे रहे हमलावरों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपियों का पता लगाकर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस जमीन विवाद के पीछे की वजह और फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *