loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 18°C
Breaking News

BREAKING NEWS: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में दो लापता SPO के गोलियों से छलनी शव मिले, सरकारी हथियार भी गायब

सेना की चौकी पर ड्यूटी के लिए निकले थे दोनों पुलिसकर्मी,

एक दिन से चल रही थी तलाश; हमलावरों की खोज में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन तेज

 

भारत इन्फो जम्मू

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी एक गंभीर घटना सामने आई है। बुधवार से लापता दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के शव गुरुवार सुबह बरामद किए गए। दोनों के शरीर पर गोलियों के निशान मिले हैं। हैरानी की बात यह है कि उनके सरकारी हथियार भी घटनास्थल से गायब बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है।

मृतक पुलिसकर्मियों की पहचान बॉबी चंद (57) और रशपाल कुमार (45) के रूप में हुई है। दोनों किश्तवाड़ जिले के दच्छन क्षेत्र के कियार गांव में स्थानीय पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) के साथ तैनात थे।

सेना की चौकी के लिए निकले थे दोनों

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों SPO बुधवार को कियार स्थित अपने कैंप से धरना-मरवाह इलाके में स्थित सेना की चौकी की ओर रवाना हुए थे। उन्हें वहां तैनात अपने दो अन्य सहयोगियों को ड्यूटी के लिए रिलीव करना था, लेकिन निर्धारित स्थान पर पहुंचने से पहले ही दोनों लापता हो गए। जब काफी समय तक दोनों का कोई पता नहीं चला तो पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने उनकी तलाश शुरू की। बताया गया है कि शुरुआत में दोनों के मोबाइल फोन पर संपर्क हो रहा था, लेकिन बाद में फोन बंद हो गए। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा बलों ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया।

गोली लगने से हुई मौत, हथियार गायब

गुरुवार सुबह तलाशी अभियान के दौरान दोनों के शव बरामद किए गए। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों के शरीर पर गोलियों के निशान थे। उनके पास मौजूद सर्विस हथियार भी नहीं मिले हैं। रिपोर्टों के अनुसार, दोनों INSAS और .303 राइफल लेकर निकले थे। हथियारों का गायब होना जांच का महत्वपूर्ण पहलू माना जा रहा है। हालांकि, अभी तक हमलावरों की पहचान और वारदात के पीछे की परिस्थितियों को लेकर आधिकारिक तौर पर पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।

आतंकी हमले के एंगल से भी जांच

घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में तलाशी और घेराबंदी अभियान तेज कर दिया है। किश्तवाड़ के दुर्गम पहाड़ी और घने जंगलों वाले क्षेत्र में सुरक्षा बलों की अतिरिक्त टीमें लगाई गई हैं। ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से भी पहले तलाशी अभियान चलाया गया था। अधिकारियों ने शुरुआती जांच के दौरान किसी नतीजे पर पहुंचने से बचने की बात कही थी। हालांकि, दोनों जवानों की गोली लगने से मौत और उनके हथियार गायब होने के कारण आतंकी हमले की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।

गौरतलब है कि किश्तवाड़ के दूरदराज के पहाड़ी इलाकों में पिछले कुछ समय से आतंकवाद विरोधी अभियान चलाए जा रहे हैं। ऐसे में दो पुलिसकर्मियों की इस तरह हत्या से सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। फिलहाल हमलावरों का पता लगाने और घटना की पूरी परिस्थितियों का खुलासा करने के लिए अभियान जारी है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *