दिल्ली में केजरीवाल-मान के बीच मंथन आज, कुछ विधायकों के टिकट कटने के संकेत
PAC की बैठक में उम्मीदवारों के नामों पर लगेगी अंतिम मुहर
नए चेहरों को मिल सकता है मौका, सर्वे रिपोर्ट के आधार पर होगा फैसला
मनुपाल शर्मा, नई दिल्ली
पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी की ओर से उम्मीदवारों की दूसरी सूची आज जारी किए जाने की संभावना है। इस संबंध में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की दिल्ली में अहम बैठक होने जा रही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान की पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया के साथ मुलाकात प्रस्तावित है। इसके बाद पार्टी की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली इकाई पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की बैठक में उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स की इनपुट के मुताबिक, PAC की बैठक गुरुवार शाम को अरविंद केजरीवाल के आवास पर होने की संभावना है। बैठक में दूसरी सूची के लिए संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विचार किया जाएगा। पार्टी सूत्रों के हवाले से यह भी संकेत मिले हैं कि बैठक के बाद सूची जारी की जा सकती है।
पहली सूची में सभी 40 उम्मीदवार मौजूदा विधायक
AAP ने 31 अक्टूबर को पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पहली सूची जारी करते हुए 40 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे। खास बात यह रही कि पहली सूची में शामिल सभी 40 उम्मीदवार मौजूदा विधायक हैं। इनमें मुख्यमंत्री भगवंत मान को धूरी से, विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां को कोटकपूरा से और मंत्री संजीव अरोड़ा को लुधियाना पश्चिम से उम्मीदवार बनाया गया है। पहली सूची में पार्टी ने अपने मौजूदा विधायकों पर भरोसा जताया था। हालांकि, दूसरी सूची को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि इस बार कुछ नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है।
कुछ मौजूदा विधायकों के टिकट कटने की चर्चा
दूसरी सूची को लेकर सबसे महत्वपूर्ण चर्चा कुछ मौजूदा विधायकों के टिकट काटे जाने की है। रिपोर्ट में पार्टी सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि सर्वे रिपोर्ट के आधार पर कुछ मौजूदा विधायकों की जगह नए चेहरों को टिकट दिया जा सकता है। इसके अलावा पार्टी के विभिन्न विधानसभा हलकों में नियुक्त किए गए हलका इंचार्जों की भूमिका भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जिन क्षेत्रों में संगठनात्मक स्तर पर नए नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है, वहां उम्मीदवारों के चयन को लेकर नए समीकरण बन सकते हैं। हालांकि, पार्टी ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि किन विधायकों के टिकट काटे जाएंगे और किन नए नेताओं को चुनाव मैदान में उतारा जाएगा।
कई मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं के नामों पर भी नजर
पहली सूची में कई मौजूदा विधायकों को दोबारा टिकट दिया गया था, लेकिन कुछ वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों के नाम अभी तक घोषित नहीं हुए हैं। ऐसे में दूसरी और आगामी सूचियों में इन नेताओं की उम्मीदवारी पर भी चर्चा होने की संभावना है। पार्टी नेतृत्व उम्मीदवारों के चयन में विधानसभा क्षेत्र की स्थिति, संगठनात्मक पकड़, स्थानीय समीकरणों और सर्वे रिपोर्ट को ध्यान में रख सकता है।
राजनीतिक दृष्टि से उम्मीदवारों की समय से पहले घोषणा पार्टी के चुनावी प्रबंधन का हिस्सा मानी जा रही है। इससे घोषित उम्मीदवारों को अपने विधानसभा क्षेत्रों में संगठन मजबूत करने और मतदाताओं तक पहुंच बनाने के लिए अधिक समय मिल सकता है। फिलहाल सभी की नजरें दिल्ली में होने वाली केजरीवाल, भगवंत मान और PAC की बैठक पर टिकी हैं। दूसरी सूची में कितने नाम होंगे और क्या पार्टी मौजूदा विधायकों के स्थान पर नए चेहरों को उतारेगी, इसका खुलासा बैठक के बाद ही होगा।