Wednesday, November 11, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 22°C
Breaking News

चन्नी की साइकिल यात्रा से एक दिन पहले परगट का ‘पंजाब मंगदा इंसाफ’ अभियान शुरू

12 नवंबर से चन्नी की ‘जवानी संभाल जट्टा’ यात्रा

प्रदेश भर में जनता से संवाद कर चुनावी मुद्दे और घोषणापत्र के लिए सुझाव जुटाएगी कांग्रेस

 

मनुपाल शर्मा, चंडीगढ़

पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने बुधवार को चंडीगढ़ स्थित पार्टी मुख्यालय से ‘पंजाब मंगदा इंसाफ’ अभियान की शुरुआत कर दी है। खास बात यह है कि यह अभियान पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस की कैंपेन कमेटी के चेयरमैन चरणजीत सिंह चन्नी की ‘जवानी संभाल जट्टा’ साइकिल यात्रा से ठीक एक दिन पहले शुरू किया गया है। चन्नी की यात्रा 12 नवंबर से शुरू होनी है। दोनों कार्यक्रमों के समय को लेकर पार्टी के भीतर राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।

कांग्रेस भवन में हुआ उद्घाटन समारोह

अभियान के उद्घाटन समारोह में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने विशेष रूप से तैयार की गई अभियान बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर सांसद गुरजीत सिंह औजला, डॉ. धर्मवीर गांधी, विधायक राणा गुरजीत सिंह, तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, सुखपाल सिंह खैहरा, पूर्व विधायक सुखविंदर सिंह डैनी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। समारोह में नेताओं ने पंजाब के विभिन्न वर्गों से सीधे संवाद करने और उनके मुद्दों को राजनीतिक मंच पर उठाने की बात कही।

परगट सिंह ने कहा कि कांग्रेस गांवों, शहरों और मोहल्लों तक पहुंचेगी। अभियान केवल मौजूदा सरकार की कमियों को उजागर करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पंजाब के भविष्य के लिए विकास का रोडमैप तैयार करने का प्रयास भी होगा। इसके तहत विशेष बस अभियान के अलावा साइकिल रैलियां और पैदल मार्च भी आयोजित किए जाएंगे।

जनता के बीच जाकर चुनावी मुद्दे तलाशेगी कांग्रेस

‘पंजाब मंगदा इंसाफ’ अभियान के तहत कांग्रेस नेता मालवा, माझा और दोआबा में लोगों के बीच जाएंगे। किसानों, मजदूरों, व्यापारियों, कर्मचारियों, पेंशनरों, युवाओं, महिलाओं और उद्योग व आईटी क्षेत्र से जुड़े लोगों के साथ संवाद किया जाएगा। पार्टी का कहना है कि इस दौरान लोगों की समस्याएं और सुझाव जानकर आगामी विधानसभा चुनाव के घोषणापत्र को तैयार करने में मदद ली जाएगी। अभियान में नशा, बेरोजगारी, गैंगस्टरवाद, कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याएं, कर्मचारियों और पेंशनरों के मुद्दे तथा राज्य की आर्थिक स्थिति जैसे विषय उठाए जाएंगे। कांग्रेस इन मुद्दों के जरिए आम आदमी पार्टी सरकार को घेरने की तैयारी में है। प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह ने कहा है कि पार्टी गांवों, शहरों और अलग-अलग वर्गों तक पहुंचकर पंजाब के मुद्दों पर जवाबदेही की मांग करेगी।

चन्नी की 625 किलोमीटर की साइकिल यात्रा कल से

दूसरी ओर, चरणजीत सिंह चन्नी 12 नवंबर से ‘जवानी संभाल जट्टा’ साइकिल यात्रा शुरू करेंगे। यह यात्रा श्री चमकौर साहिब से शुरू होकर 19 नवंबर को खन्ना में संपन्न होगी। पहले चरण में करीब 625 किलोमीटर का सफर तय करने और लगभग 2,000 साइकिल सवारों के शामिल होने की योजना है। यात्रा के दौरान मालवा क्षेत्र के करीब 27 विधानसभा हलकों को कवर किया जाएगा। इसका मुख्य फोकस युवाओं को नशे, गैंगस्टरवाद, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों के प्रति जागरूक करना बताया गया है।

परगट-चन्नी के कार्यक्रमों के समय ने बढ़ाई राजनीतिक चर्चा

परगट सिंह के अभियान की शुरुआत चन्नी की यात्रा से ठीक एक दिन पहले होने को पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति के संदर्भ में भी देखा जा रहा है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर परगट सिंह संगठन की अलग पहचान और अपनी सक्रियता को सामने रखना चाहते हैं, जबकि चन्नी अपनी साइकिल यात्रा के जरिए प्रदेशभर में जनसंपर्क बढ़ाने की तैयारी में हैं।  इससे पहले चन्नी की साइकिल यात्रा के शुरुआती पोस्टर में प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की तस्वीर शामिल नहीं थी। पार्टी के भीतर इस पर चर्चा के बाद संशोधित पोस्टर जारी किया गया, जिसमें वड़िंग की तस्वीर जोड़ दी गई। इस घटनाक्रम ने भी कांग्रेस की अंदरूनी समीकरणों को लेकर सवाल खड़े किए थे।

प्रताप सिंह बाजवा ने दोनों कार्यक्रमों को बताया पार्टी का साझा प्रयास

पार्टी के भीतर मतभेदों की चर्चाओं के बीच विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने दोनों कार्यक्रमों को कांग्रेस की सामूहिक गतिविधि बताया। उन्होंने कहा कि चन्नी पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और उनकी यात्रा से भी कांग्रेस का संदेश पंजाब के लोगों तक पहुंचेगा। बाजवा के मुताबिक पार्टी नेता मिलकर इन कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और अलग-अलग क्षेत्रों में जनता के मुद्दे उठाएंगे।

2027 से पहले कांग्रेस की दोहरी रणनीति

कांग्रेस की मौजूदा रणनीति में एक तरफ प्रदेश संगठन के जरिए गांवों, शहरों और विभिन्न सामाजिक-आर्थिक वर्गों तक पहुंच बनाना शामिल है, तो दूसरी तरफ चन्नी की साइकिल यात्रा के माध्यम से युवाओं और विधानसभा क्षेत्रों में सीधा जनसंपर्क बढ़ाने की कोशिश है। पार्टी नवंबर और दिसंबर में अलग-अलग क्षेत्रों में और यात्राएं निकालने की योजना भी बना रही है। इन गतिविधियों के बीच पार्टी के सामने संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने और विभिन्न वरिष्ठ नेताओं के बीच समन्वय दिखाने की चुनौती भी है। 2027 के चुनाव से पहले कांग्रेस के ये अभियान केवल जनसंपर्क कार्यक्रम नहीं, बल्कि पार्टी की चुनावी प्राथमिकताओं, नेतृत्व की सक्रियता और जनता के बीच अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की व्यापक तैयारी का हिस्सा हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *