Wednesday, November 11, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 22°C
Breaking News

पूर्व DIG तुलसी राम और अकाली दल के पूर्व नेता गुरजिंदरपाल सिंह कांग्रेस में शामिल हुए

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह, प्रताप सिंह बाजवा और पूर्व मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने पार्टी में किया स्वागत

डीआईजी तुलसीराम जालंधर और गुरु हर सहाय से जुड़े हैं अकाली दल के पूर्व नेता गुरजिंदर पाल सिंह

 

भारत इंफो, चंडीगढ़

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपने राजनीतिक कुनबे का विस्तार करते हुए दो नए चेहरों को पार्टी में शामिल किया है। बुधवार को पूर्व डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) ऑफ पुलिस तुलसी राम (IPS) और शिरोमणि अकाली दल के पूर्व उपाध्यक्ष गुरजिंदरपाल सिंह शिव तिरपालके कांग्रेस में शामिल हो गए।

चंडीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा और पूर्व मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने दोनों नेताओं का पार्टी में स्वागत किया।

पुलिस सेवा से राजनीति तक का सफर

कांग्रेस में शामिल हुए तुलसी राम भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के पूर्व अधिकारी हैं और DIG पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उनके कांग्रेस में आने को पार्टी के साथ पूर्व प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के जुड़ने के घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।

वहीं गुरजिंदरपाल सिंह शिव तिरपालके शिरोमणि अकाली दल में उपाध्यक्ष रह चुके हैं। उनका संबंध गुरु हर सहाय विधानसभा क्षेत्र से है। ऐसे में उनके कांग्रेस में शामिल होने को फिरोजपुर क्षेत्र की राजनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

2027 चुनाव से पहले दल-बदल का दौर तेज

पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस लगातार दूसरे दलों के नेताओं और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों को अपने साथ जोड़ने में जुटी है। हाल के दिनों में पूर्व मुख्यमंत्री भगवंत मान के पूर्व OSD मनजीत सिंह सिद्धू सहित कई नेता कांग्रेस में शामिल हुए हैं।

दोनों नए नेताओं के पार्टी में शामिल होने से कांग्रेस को उम्मीद है कि राज्य में संगठनात्मक स्तर पर उसका आधार और मजबूत होगा। हालांकि, इन नेताओं को पार्टी में क्या जिम्मेदारी दी जाएगी, इसे लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *