Wednesday, November 11, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 29°C
Breaking News

दूध के दाम में लगेगा महंगाई का झटका! अमूल और मदर डेयरी 6 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ा सकती हैं कीमतें

12 नवंबर से लागू हो सकती हैं नई दरें, मदर डेयरी ने 2 से 4 रुपये तक बढ़ाए दाम; अमूल के दूध पर भी महंगाई की मार पड़ने के संकेत

भारत इंफो : आम आदमी को एक बार फिर महंगाई का झटका लगने जा रहा है। देश की प्रमुख डेयरी कंपनियां अमूल और मदर डेयरी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी करने जा रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स और उद्योग जगत से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, दूध की अलग-अलग श्रेणियों के दाम 2 से 6 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ सकते हैं। नई कीमतें 12 नवंबर से लागू होने की संभावना जताई गई है।

मदर डेयरी ने दिल्ली-एनसीआर में दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की है। इसके बाद टोंड दूध (पाउच) की कीमत 60 से बढ़कर 62 रुपये प्रति लीटर, फुल क्रीम दूध 72 से बढ़कर 76 रुपये और डबल टोंड दूध 54 से बढ़कर 56 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा। वहीं गाय के दूध की कीमत 62 से बढ़कर 65 रुपये प्रति लीटर होगी।

अमूल का दूध भी होगा महंगा!
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमूल के दूध की कीमतों में भी 2 से 6 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की संभावना है। टोंड दूध 2 रुपये, फुल क्रीम दूध 4 रुपये और फुल क्रीम भैंस का दूध 6 रुपये प्रति लीटर तक महंगा हो सकता है। हालांकि, अमूल की ओर से अलग-अलग बाजारों के लिए संशोधित दरों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

क्यों बढ़ रहे हैं दूध के दाम?
दूध की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे पशुपालकों से दूध की खरीद महंगी होना, पशु आहार की बढ़ती कीमतें और दूध की उपलब्धता में कमी प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों में दूध की फैट की कीमतों में भी करीब 20 से 25 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है। इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम परिवारों के बजट पर पड़ने वाला है। दूध रोजमर्रा की जरूरत होने के कारण कीमतों में मामूली वृद्धि भी महीने के घरेलू खर्च को बढ़ा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *