भारत इंफो, नई दिल्ली/इंदौर
पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने इंदौर में अपने आगामी कॉन्सर्ट को लेकर चल रही रद्द होने की अटकलों पर विराम लगा दिया है। दिलजीत ने इंस्टाग्राम लाइव के जरिए साफ कर दिया कि वह 15 नवंबर को इंदौर पहुंचेंगे और अपने प्रशंसकों के बीच परफॉर्म करेंगे।
दिलजीत ने अपने खास मजाकिया अंदाज में कहा, ”15 तारीख को इंदौर आ रहे हैं, 101 परसेंट आ रहे हैं। सबसे पहले आकर पोहा खाएंगे, फिर एनर्जी लेकर चक दे फट्टे।” उन्होंने मीडिया में चल रही खबरों पर भी चुटकी लेते हुए कहा कि कुछ चैनल खबरों में अपना मसाला लगा रहे हैं। उन्होंने प्रशंसकों से उनकी बात पर भरोसा रखने की अपील की।
दरअसल, दिलजीत का इंदौर में 15 नवंबर को कॉन्सर्ट प्रस्तावित है। आयोजन से पहले सुरक्षा संबंधी चिंताओं और बम धमकी वाले ईमेल सामने आने के बाद कार्यक्रम को लेकर अनिश्चितता की खबरें चल रही थीं। इंदौर के कुछ निजी स्कूलों और मेयर कार्यालय को भी धमकी भरे ईमेल मिले थे। हालांकि, तलाशी के दौरान कोई विस्फोटक नहीं मिला।
चार गानों पर प्रशासन की आपत्ति
कॉन्सर्ट को लेकर एक और विवाद सामने आया है। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने आयोजकों को दिलजीत के चार गाने- ‘पटियाला पेग’, ‘5 तारा ठेके’, ‘जेब विच्चों अफीम’ और ‘जट्ट फायर करदा’ नहीं गाने के निर्देश दिए हैं। इन गानों के बोल में शराब, नशे और हिंसा के संदर्भों को लेकर बच्चों पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव का हवाला दिया गया है।
यह निर्देश पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 2019 के आदेश के संदर्भ में दिए गए हैं। आयोजकों को बच्चों को मंच पर बुलाने और नकली गोलियों वाली बेल्ट पहनने को लेकर भी सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल दिलजीत के ताजा बयान से प्रशंसकों को राहत मिली है। हालांकि, कॉन्सर्ट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन महत्वपूर्ण रहेगा। दिलजीत का इंदौर दौरा उनके Aura India Tour का हिस्सा है।