Tuesday, November 10, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 29°C
Breaking News

पन्नू को अमेरिकी अदालत की अनुमति ! अब NSA अजीत डोभाल और पूर्व RAW प्रमुख सामंत गोयल को दिल्ली में भेजा जा सकेगा समन

भारत इंफो, नई दिल्ली

खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की ओर से दायर दीवानी मुकदमे में अमेरिकी अदालत ने अहम आदेश दिया है। न्यूयॉर्क की अदालत ने पन्नू को भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल और पूर्व RAW प्रमुख सामंत गोयल को भारतीय अदालतों के माध्यम से दिल्ली में कानूनी नोटिस (समन) भेजने की अनुमति दे दी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी जिला अदालत की जज कैथरीन पोल्क फैला ने 9 नवंबर को यह आदेश जारी किया। अदालत ने निर्देश दिया है कि दोनों अधिकारियों को 30 नवंबर 2026 तक भारतीय अदालतों के माध्यम से समन भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।

दरअसल, पन्नू ने वर्ष 2024 में अमेरिका की एक अदालत में भारत सरकार और कुछ अधिकारियों के खिलाफ दीवानी मुकदमा दायर किया था। उसने आरोप लगाया था कि वर्ष 2023 में अमेरिका के न्यूयॉर्क में उसकी हत्या की साजिश रची गई थी और इसमें भारतीय अधिकारियों की भूमिका थी। हालांकि, भारत सरकार इन आरोपों को पहले ही निराधार और बेबुनियाद बता चुकी है।

इस मुकदमे में अजीत डोभाल और सामंत गोयल के अलावा कुछ अन्य लोगों को भी प्रतिवादी बनाया गया है। इससे पहले फरवरी 2025 में डोभाल की अमेरिका यात्रा के दौरान भी पन्नू ने उन्हें अदालती दस्तावेज सौंपने का दावा किया था, लेकिन अमेरिकी अदालत ने उस प्रक्रिया को वैध सेवा नहीं माना था।

गौरतलब है कि भारत सरकार ने पन्नू को आतंकवादी घोषित कर रखा है और उसके संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) को गैरकानूनी संगठन घोषित किया हुआ है। अदालत के ताजा आदेश का मतलब केवल कानूनी दस्तावेज पहुंचाने की प्रक्रिया को मंजूरी देना है। इसे डोभाल या सामंत गोयल के खिलाफ आरोपों की पुष्टि अथवा दोष सिद्ध होना नहीं माना जा सकता। मुकदमे में आरोपों और बचाव पक्ष के जवाब पर आगे कानूनी प्रक्रिया के तहत विचार होगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *