नई किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ में सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ राजनीतिक मतभेदों का किया जिक्र
भारत इंफो, नई दिल्ली
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने व्यक्तिगत संपर्क को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनका व्यावहारिक रूप से कोई वास्तविक व्यक्तिगत संपर्क नहीं रहा है। जब दोनों का आमना-सामना होता है तो मोदी नजरें फेर लेते हैं और आंखों से आंखें मिलाने से बचते हैं।
सोनिया गांधी ने यह बातें अपनी नई आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ में लिखी हैं, जो 10 नवंबर 2026 को बाजार में आई है। पुस्तक में उन्होंने संसद सत्र समाप्त होने के बाद लोकसभा अध्यक्ष के कक्ष में होने वाली औपचारिक मुलाकातों का जिक्र किया है।
सोनिया के मुताबिक, ऐसी मुलाकातों में दोनों एक-दूसरे को औपचारिक रूप से नमस्कार करते हैं, लेकिन इसके आगे कोई बातचीत नहीं होती। उन्होंने कहा कि पहले अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं के बीच भी आपसी सौहार्द और शिष्टाचार देखने को मिलता था, लेकिन अब परिस्थितियां अलग हैं।
‘हमारी विचारधाराएं बिल्कुल अलग’
सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपने वैचारिक मतभेदों का भी उल्लेख किया है। उन्होंने लिखा कि मोदी का भारत को लेकर अपना दृष्टिकोण है और उनका अपना। सोनिया के अनुसार, वह समावेशिता, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय पर आधारित भारत की पक्षधर हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि अस्पताल से लौटने के बाद कुछ मौकों पर प्रधानमंत्री ने उनसे उनका हालचाल पूछा था। दोनों के बीच जन्मदिन और नववर्ष पर औपचारिक शुभकामनाओं का आदान-प्रदान भी होता रहा है।
सोनिया गांधी की यह किताब उनके निजी जीवन, राजीव गांधी से विवाह, इंदिरा गांधी के साथ संबंधों और भारतीय राजनीति में उनके लंबे सफर के कई पहलुओं को सामने लाती है। किताब में प्रधानमंत्री मोदी और सोनिया गांधी के बीच राजनीतिक तथा वैचारिक दूरी का यह उल्लेख सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा शुरू हो गई है।