भारत इंफो, चंडीगढ़
पंजाब की अकाली राजनीति में पंथक एकता को लेकर हलचल तेज हो गई है। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद प्रो. प्रेम सिंह चंदू माजरा की ओर से पंथक एकता के लिए की गई अपील का स्वागत किया है। पार्टी ने अकाली नेताओं से आपसी मतभेद भुलाकर दोबारा शिरोमणि अकाली दल में शामिल होने का आह्वान किया है।
अकाली दल की ओर से यह संदेश वरिष्ठ नेता बलविंदर सिंह भूंदड़ की मौजूदगी में सामने आया। इस मौके पर डॉ. दलजीत सिंह चीमा और जनमेजा सिंह सेखों भी उपस्थित थे। बलविंदर सिंह भूंदर ने प्रो. चंदू माजरा की पंथक एकता संबंधी अपील का स्वागत करते हुए कहा कि सभी अकाली नेताओं को पार्टी की मजबूती और पंथक हितों के लिए एकजुट होना चाहिए।
गौरतलब है कि प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने अकाली दल पुनर सुरजीत से अलग होने का ऐलान किया है। उन्होंने अपने फैसले के पीछे पंथक एकता के मुद्दे पर ज्ञानी हरप्रीत सिंह के साथ मतभेदों को कारण बताया था। शिअद के इस रुख को 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले बिखरे अकाली नेतृत्व को एक मंच पर लाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।