Saturday, October 31, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 22°C
Breaking News

जम्मू-कश्मीर के CM उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान से की शादी, सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर किया नए सफर का ऐलान

भारत इंफो, श्रीनगर/नई दिल्ली

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता उमर अब्दुल्ला ने वरिष्ठ पत्रकार निधि राजदान के साथ शादी कर ली है। दोनों ने शनिवार को सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें साझा कर इस नए रिश्ते की जानकारी सार्वजनिक की। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, शादी शुक्रवार, 30 अक्टूबर को हुई।

उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर निधि राजदान के साथ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “A new journey began yesterday” (कल से एक नया सफर शुरू हुआ)। वहीं निधि राजदान ने भी पोस्ट करते हुए लिखा, “It’s done bro” (यह हो गया)। दोनों ने विशेष विवाह अधिनियम (Special Marriage Act) के तहत विवाह किया। शादी समारोह में दोनों परिवारों के करीबी सदस्य शामिल हुए। श्रीनगर और नई दिल्ली में पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने की भी खबरें हैं।

 

सुप्रीम कोर्ट से जुलाई में मिला था तलाक

उमर अब्दुल्ला की यह दूसरी शादी है। इससे पहले उनकी शादी पायल अब्दुल्ला से 1 सितंबर 1994 को हुई थी। दोनों के दो बेटे जाहिर और जमीर हैं। हालांकि, उमर और पायल 2009 से अलग रह रहे थे। 31 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने दोनों की आपसी सहमति से शादी समाप्त करने की याचिका मंजूर करते हुए संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत विवाह विच्छेद का आदेश दिया था। न्यायमूर्ति पी.एस. नरसिम्हा और न्यायमूर्ति आलोक अराधे की पीठ ने मध्यस्थता के बाद हुए समझौते को स्वीकार किया था।इससे पहले उमर अब्दुल्ला की ओर से तलाक की याचिका पारिवारिक अदालत में दायर की गई थी, लेकिन 2016 में इसे खारिज कर दिया गया था। दिल्ली हाईकोर्ट ने भी दिसंबर 2023 में पारिवारिक अदालत के फैसले को बरकरार रखा था। बाद में सुप्रीम कोर्ट में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ और लंबित विवादों को समाप्त करने पर सहमति बनी।

 

कौन हैं निधि राजदान?

49 वर्षीय निधि राजदान देश की जानी-मानी पत्रकार हैं। वह एनडीटीवी में वरिष्ठ पद पर रहते हुए एग्जीक्यूटिव एडिटर की जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। उन्हें खास तौर पर राजनीति, अंतरराष्ट्रीय मामलों और जम्मू-कश्मीर से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग के लिए जाना जाता है। निधि राजदान कश्मीरी पंडित परिवार से संबंध रखती हैं। उनके पिता महाराज कृष्ण राजदान भी वरिष्ठ पत्रकार रहे हैं। निधि ने दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई की और इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से रेडियो एवं टीवी पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा हासिल किया। उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान की शादी की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दोनों को बधाइयां देने का सिलसिला शुरू हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *