Wednesday, October 28, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 31°C
Breaking News

गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की पत्नी पंजाब में लड़ेंगी चुनाव, किया ऐलान

भारत इंफो : गैंगस्टर जगदीप सिंह उर्फ ‘जग्गू भगवानपुरिया’ की पत्नी अमनदीप कौर ने राजनीति में उतरने का बड़ा फैसला किया है। वह पंजाब के सीमावर्ती हलके डेरा बाबा नानक से आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेंगी। अमेरिका में अपनी डेंटल की पढ़ाई और वहां की सुख-सुविधाओं भरी जिंदगी को छोड़कर हाल ही में वतन लौटीं अमनदीप ने 18 अक्टूबर को हलके के गांव सर्फकोट में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान चुनावी मैदान में उतरने का आधिकारिक ऐलान किया। हालांकि, इस दौरान उन्होंने अपनी राजनीतिक पार्टी के नाम का खुलासा नहीं किया है, जिससे लोगों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।

‘मैं इस हलके की बेटी और बहू, सेवा करना मेरा नैतिक फर्ज’
असम की सिलचर सेंट्रल जेल में बंद गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की पत्नी अमनदीप कौर ने जनता के बीच अपने जुड़ाव को जाहिर करते हुए खुद को डेरा बाबा नानक की ‘बेटी और बहू’ बताया। उन्होंने कहा कि विदेशों में अपनी जिंदगी बसाने के बजाय अपने घर और हलके की सेवा करना उनका नैतिक फर्ज है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब वह अमेरिका वापस नहीं जाएंगी, बल्कि स्थायी रूप से यहीं पंजाब में रहकर आम जनता के बीच काम करेंगी और उनके सुख-दुख में साझीदार बनेंगी।

पति के गैंगस्टर टैग पर हुईं भावुक, कहा- कोई मां के पेट से अपराधी पैदा नहीं होता
चुनावी घोषणा के दौरान अमनदीप कौर अपने पति जगदीप सिंह उर्फ जग्गू भगवानपुरिया को लेकर काफी भावुक नजर आईं। उन्होंने पति पर लगे ‘गैंगस्टर’ के ठप्पे का जिक्र करते हुए कहा कि वे मीडिया या कागजों वाले ‘जग्गू’ नहीं, बल्कि ‘जगदीप सिंह अटवाल’ हैं। उन्होंने बेहद भावुक अंदाज में कहा कि इस दुनिया में कोई भी बच्चा मां के पेट से गैंगस्टर बनकर पैदा नहीं होता। उन्होंने समाज और मीडिया से अपील की कि उनके पति को एक आम इंसान के रूप में देखा जाना चाहिए और उनके नाम के आगे से हमेशा के लिए गैंगस्टर का यह टैग खत्म होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *