भारत इंफो : लुधियाना में एक युवक की मौत के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। काराबारा रोड पर स्थित एक मेडिकल स्टोर में गुस्साए लोगों ने जमकर तोड़फोड़ की और स्टोर मालिक के साथ मारपीट की। इस दौरान मेडिकल स्टोर मालिक के सिर पर चोट लगी। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवक मेडिकल स्टोर से नशे की गोलियां लेकर गया था। हालांकि, स्टोर मालिक ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
साहिल ठाकुर की मौत के बाद मेडिकल स्टोर पर हंगामा
मृतक की पहचान साहिल ठाकुर उर्फ शैफी, निवासी काराबारा, के रूप में हुई है। युवक की मौत की खबर सामने आने के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। गुस्साए लोगों ने मनजीत मेडिकल स्टोर को निशाना बनाया और वहां तोड़फोड़ की। इस दौरान स्टोर मालिक जसविंदर कुमार के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उनके सिर पर चोट लगी।
परिजनों का आरोप- पैंट देकर नशे की गोलियां लाया था युवक
साहिल के परिजनों का आरोप है कि वह मेडिकल स्टोर से नशे की गोलियां लेकर आया था। परिजनों के मुताबिक, युवक अपनी नई पैंट मेडिकल स्टोर पर देकर उसके बदले नशे की गोलियां लेकर गया था। युवक की मौत के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में रोष फैल गया, जिसके बाद मेडिकल स्टोर पर हंगामा हुआ।
मेडिकल स्टोर मालिक ने आरोपों को नकारा
मेडिकल स्टोर के मालिक जसविंदर कुमार ने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि युवक ने किसी अन्य प्रकार का नशा किया होगा, जिसके कारण उसकी मौत हुई। उन्होंने मेडिकल स्टोर से नशे की गोलियां देने के आरोपों से इनकार किया है।
पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। यह इलाका दरेसी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है, लेकिन थाना सलेम टाबरी के प्रभारी जसबीर सिंह गिल भी मौके पर पहुंचे। इसके अलावा एसीपी नॉर्थ किक्कर सिंह भुल्लर, एडीसीपी समीर वर्मा और एसीपी अनिल भनोट ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।