Wednesday, October 14, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 33°C
Breaking News

‘संकट में भी पढ़ता रहा हनुमान चालीसा’: जान पर खेलकर दूसरों की जिंदगी बचाने वाले पायलट स्मित से PM मोदी ने की बात!

भारत इंफो : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से फोन पर बातचीत कर उनके अदम्य साहस और त्वरित सूझबूझ की दिल खोलकर तारीफ की। प्रधानमंत्री ने कैप्टन स्मित का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि पूरा देश उनकी सलामती और जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना कर रहा है तथा जगह-जगह महामृत्युंजय मंत्र का जाप किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कैप्टन स्मित की सूझबूझ के कारण कई अनमोल जिंदगियां बच सकी हैं। पीएम मोदी ने गर्व जताते हुए कहा कि पूरी दुनिया आज देख सकती है कि भारतीय लोग दूसरों को नुकसान पहुंचाने वाले नहीं, बल्कि दूसरों का जीवन बचाने के लिए खुद को जोखिम में डालने वाले होते हैं।

मौत के मुंह से यूं बाहर निकले कैप्टन स्मित
प्रधानमंत्री से बातचीत के दौरान भावुक हुए कैप्टन स्मित ने हादसे के डरावने पलों को याद किया। 17 साल का फ्लाइंग अनुभव रखने वाले कैप्टन स्मित ने बताया कि जब विमान नीचे गिर रहा था और वे गंभीर रूप से चोटिल थे, तब भी उन्हें अपनी पेशेवर ट्रेनिंग की बदौलत स्थिति का अहसास था।

संकट के क्षणों में हनुमान चालीसा का सहारा
उन्होंने बताया कि उन्हें अहसास हुआ कि जीवन बचाने का यही अंतिम अवसर है, जिसके बाद उन्होंने हिम्मत जुटाकर विमान का दरवाजा खोल दिया। स्मित ने साझा किया कि वे हर संकट में हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं और इस हादसे के दौरान भी प्रभु का ध्यान ही उनकी ढाल बना, जिसने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।

प्रधानमंत्री का फोन पाकर भावुक हुए पायलट
बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित अपने आंसुओं पर काबू न रख सके और देश के प्रधानमंत्री से बात करने को अपने जीवन का सबसे बड़ा सम्मान बताया। पीएम मोदी ने उनके आंसुओं को पोछते हुए कहा कि उन्होंने ऐसा असाधारण काम किया है जिससे हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा हो गया है।

पीएम मोदी ने स्मित के परिवार के संस्कारों को सराहा
प्रधानमंत्री ने संकट के समय धार्मिक और नैतिक संबल देने के लिए कैप्टन स्मित की मां गीताबेन और पिता भूपेंद्रभाई को नमन किया। इसके साथ ही, पीएम मोदी ने स्मित की पत्नी सोनलबेन से हुई बातचीत का जिक्र करते हुए उनके अप्रतिम धैर्य और मानसिक मजबूती की भी दिल से तारीफ की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *