Wednesday, October 14, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 32°C
Breaking News

विजय इंदर सिंगला का अध्यक्ष पद पर बयान- हाईकमान का आदेश मिला तो पूरी निष्ठा से निभाऊंगा

भारत इंफो : पंजाब कांग्रेस के भीतर नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर जारी चर्चाओं के बीच पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंगला ने स्थिति साफ की है। उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्हें पार्टी की ओर से संगठन में किसी नई भूमिका या जिम्मेदारी से जुड़ा कोई आधिकारिक पत्र नहीं मिला है और न ही उन्हें इस सिलसिले में दिल्ली बुलाया गया है। सिंगला ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ही पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि यदि कांग्रेस हाईकमान भविष्य में उन्हें कोई भी जिम्मेदारी सौंपता है, तो वे उसका पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करेंगे।

अमित शाह की ‘नशा मुक्ति डेडलाइन’ पर उठाए सवाल
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा पंजाब से नशा पूरी तरह खत्म करने के लिए दी गई डेडलाइन पर निशाना साधते हुए सिंगला ने केंद्र के दावों की हवा निकाली। उन्होंने याद दिलाया कि 2007 से लेकर 2017 तक राज्य में शिरोमणि अकाली दल और भाजपा की गठबंधन सरकार रही, लेकिन उस पूरे दशक के दौरान भी नशे की समस्या पर काबू नहीं पाया जा सका। ऐसे में अब अचानक किस आधार पर नशा खत्म करने का दावा और डेडलाइन तय की जा रही है, यह समझ से परे है।

सीमा सुरक्षा और ड्रोन की घुसपैठ पर केंद्र को घेरा
सीमा पार से होने वाली ड्रोन गतिविधियों और तस्करी को लेकर भी पूर्व मंत्री ने केंद्र सरकार की मंशा और कार्यप्रणाली पर सवाल दागे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) के अधिकार क्षेत्र को सीमा से 15 किलोमीटर से बढ़ाकर 50 किलोमीटर तक कर दिया था। इसके बावजूद पंजाब से सटी सीमा पर पाकिस्तान की ओर से आने वाले ड्रोन की गतिविधियों पर कोई प्रभावी लगाम नहीं लग सकी है। सिंगला ने गृह मंत्री से सीधा सवाल किया कि दायरा बढ़ाने के बाद भी ड्रोन की घुसपैठ और तस्करी में कमी क्यों नहीं आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *