Wednesday, October 14, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 32°C
Breaking News

बच्चों से झगड़ा, फिर हाथ में पिस्टल और गोली लोड… जालंधर के अमन नगर में हड़कंप

भारत इंफो : जालंधर के अमन नगर इलाके में बच्चों के साथ हुए मामूली विवाद के बाद दो पक्षों के बीच तनाव पैदा हो गया। मामला उस समय गंभीर हो गया, जब एक व्यक्ति घर से पिस्टल लेकर गली में पहुंच गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आया है, जिसमें व्यक्ति हाथ में पिस्टल लेकर दूसरे पक्ष के लोगों से बहस करता और गाली-गलौज करता नजर आ रहा है।

दरवाजा खटखटाने पर पिस्टल लेकर बाहर आया
जानकारी के मुताबिक, किसी बात को लेकर व्यक्ति का कुछ बच्चों के साथ विवाद हुआ था। इसके बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने उसके घर का दरवाजा खटखटाया। आरोप है कि दरवाजा खुलने के बाद व्यक्ति हाथ में पिस्टल लेकर बाहर गली में आ गया। वीडियो में व्यक्ति पिस्टल हाथ में लेकर बहस करता दिखाई दे रहा है। इसी दौरान उसने कथित तौर पर पिस्टल को लोड भी किया। मामला बिगड़ता देख एक लड़की ने उसके हाथ से पिस्टल छीनने की कोशिश की।

‘गोली लोड है’ कहकर दी धमकी
वायरल वीडियो में बातचीत के दौरान व्यक्ति लड़कियों को पीछे हटने के लिए कहता सुनाई दे रहा है। साथ ही वह कथित तौर पर कहता है कि पिस्टल में गोली लोड है। दूसरी तरफ मौजूद एक युवक भी जवाब देते हुए कहता है कि अगर उसकी मां पर गोली चलाई गई तो वह भी पीछे नहीं हटेगा। मामला बढ़ता देख दूसरे पक्ष की महिला अपने बेटे को घर के अंदर जाने के लिए कहती है। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक कहासुनी होती दिखाई देती है।

ASI के बेटे पर पिस्टल लहराने का आरोप
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, पिस्टल लेकर गली में पहुंचा व्यक्ति एक ASI का बेटा बताया जा रहा है, जो DSP के गनमैन के तौर पर तैनात हैं। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। बताया जा रहा है कि ASI के बेटे का एक नाबालिग से मामूली विवाद हुआ था। इसके बाद उसने कथित तौर पर लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली और नाबालिग को गोली मारने की धमकी दी। घटना के बाद इलाके में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

मौके पर पहुंचे युवकों पर भी नजर आई पिस्टल
घटना के दौरान मौके पर पहुंचे कुछ युवकों की कमर में भी पिस्टल नजर आने की बात सामने आई है। इससे इलाके में तनाव और बढ़ गया। सरेआम पिस्टल निकालने, उसे लोड करने और कथित तौर पर धमकी देने का वीडियो सामने आने के बाद अब पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *