Wednesday, October 14, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 33°C
Breaking News

जालंधर में नशा तस्कर पर कार्रवाई पूछने पहुंचे कांग्रेस नेता, ASI से हुई बहस; VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल

भारत इंफो : जालंधर में नशा तस्करी से जुड़ी शिकायत को लेकर कांग्रेस के जिला यूथ प्रधान अंगद दत्ता और परागपुर चौकी प्रभारी ASI हरदयाल के बीच बहस का वीडियो सामने आया है। वीडियो में कांग्रेस नेता पुलिस अधिकारी से कथित नशा तस्कर के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर सवाल करते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान ASI ने कथित तौर पर कहा, “जाकर कह दो कि चौकी इंचार्ज कुछ नहीं कर रहा।”

नशा तस्कर के खिलाफ शिकायत को लेकर शुरू हुआ विवाद
पूरा मामला जालंधर कैंट के पास नंगल गांव से जुड़ा बताया जा रहा है। करण नामक युवक का दावा है कि उसने गांव में कथित तौर पर चिट्टा बेच रहे एक व्यक्ति को पकड़ लिया था। आरोप है कि इसके बाद उक्त व्यक्ति ने करण पर हमला किया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद उसने स्थानीय लोगों के साथ पुलिस को इसकी सूचना दी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके बाद वह लगातार तीन दिनों तक परागपुर पुलिस चौकी के चक्कर लगाता रहा।

शिकायत दर्ज न होने का युवक ने लगाया आरोप
युवक का आरोप है कि तीन दिनों तक पुलिस चौकी जाने के बावजूद उसकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई। आरोप के मुताबिक, पुलिसकर्मी शिकायत दर्ज करने में टालमटोल करते रहे। जब वह दोबारा शिकायत लेकर चौकी पहुंचा तो चौकी प्रभारी ASI हरदयाल ने उसके साथ कथित तौर पर गलत व्यवहार किया। इसके बाद उसने मामले की जानकारी कांग्रेस नेता अंगद दत्ता को दी।

कांग्रेस नेता ने चौकी पहुंचकर पुलिस से मांगा जवाब
युवक से जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस नेता अंगद दत्ता 23 सितंबर को परागपुर चौकी पहुंचे। उन्होंने चौकी प्रभारी से कथित नशा तस्कर के खिलाफ पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई को लेकर सवाल किया। अंगद दत्ता ने यह भी पूछा कि क्या मामले को लेकर पुलिस के उच्च अधिकारियों की ओर से कोई फोन या निर्देश आया है। इस दौरान दोनों के बीच बहस हो गई।

VIDEO में दिखी बहस, रिकॉर्डिंग बंद करवाने की कोशिश
वायरल वीडियो में कांग्रेस नेता पुलिस अधिकारी से कार्रवाई को लेकर सवाल करते दिखाई दे रहे हैं। बातचीत के दौरान ASI हरदयाल ने कथित तौर पर कहा, “जाकर कह दो कि चौकी इंचार्ज कुछ नहीं कर रहा।” इसी दौरान जब ASI को पता चला कि पूरी बातचीत कैमरे में रिकॉर्ड हो रही है तो वह अपनी कुर्सी से उठे और वीडियो बंद करवाने के लिए कहते नजर आए।

चौकी प्रभारी ने बताया- दोनों पक्षों में हुई थी झड़प
वहीं, ASI हरदयाल ने मामले पर अपना अलग पक्ष रखा है। उनका कहना है कि गांव में दो पक्षों के बीच झड़प हुई थी। इस मामले में एक पक्ष की शिकायत पहले ही ड्यूटी अफसर सुरजीत को दी जा चुकी थी। बाद में करण नामक व्यक्ति दूसरे पक्ष की शिकायत लेकर चौकी पहुंचा था। ASI के मुताबिक, उन्होंने करण से लिखित शिकायत देने के लिए कहा था, लेकिन इसी बात को लेकर विवाद हो गया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों को दोबारा बुलाकर उनके बयान दर्ज किए जाएंगे और मामले के तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

चौकी प्रभारी ने यह भी कहा कि थाने के अंदर वीडियो बनाए जाने को लेकर विवाद हुआ था। उनके अनुसार, उन्होंने कांग्रेस नेता अंगद दत्ता से वीडियो रिकॉर्ड न करने की अपील की थी, जिसके बाद बहस बढ़ गई। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा है। मामले में पुलिस की ओर से आगे क्या कार्रवाई की जाती है, यह देखना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *