Wednesday, October 14, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 33°C
Breaking News

जालंधर के स्कूल में बच्चे को किडनैप करने की कोशिश! मां के शोर मचाते ही मचा हड़कंप

भारत इंफो : जालंधर के न्यू शहीद बाबू लाभ सिंह नगर स्थित माता गुजरी खालसा मॉडर्न स्कूल में बच्चे को किडनैप करने की कोशिश का मामला सामने आया है। बच्चे की मां के शोर मचाने के बाद स्कूल मैनेजमेंट, सिक्योरिटी और अन्य लोगों ने संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। घटना के बाद स्कूल के बाहर काफी हंगामा देखने को मिला। बाद में आरोपी व्यक्ति को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

महिला का पीछा करते हुए स्कूल के अंदर पहुंचा संदिग्ध
बच्चे की मां ने बताया कि वह अपने बच्चे को स्कूल छोड़ने के लिए पहुंची थी। इसी दौरान एक व्यक्ति उसका पीछा करते हुए स्कूल परिसर के अंदर तक पहुंच गया। जब स्कूल के सिक्योरिटी गार्ड ने उससे स्कूल में आने का कारण पूछा तो उसने पहले बच्चे की एडमिशन करवाने की बात कही।

महिला के मुताबिक, पूछताछ के दौरान संदिग्ध व्यक्ति अलग-अलग बातें बताने लगा। कभी उसने कहा कि वह बच्चे को छोड़ने के लिए आया है तो कभी भाई से मिलने की बात कही। उसकी बातों में विरोधाभास होने के बाद वहां मौजूद लोगों को उस पर शक हुआ। संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियों पर शक होने के बाद लोगों ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट भी की। घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल मैनेजमेंट और सिक्योरिटी ने स्थिति को संभालने की कोशिश की।

स्कूल की सिक्योरिटी पर उठे सवाल
घटना के बाद स्कूल के बाहर मौजूद लोगों ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए। लोगों का कहना था कि जब स्कूल में बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी है तो कोई बाहरी व्यक्ति बिना स्पष्ट कारण के अंदर तक कैसे पहुंच गया। स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक चिंतित हैं। उनका कहना था कि कई बार परिजनों को भी स्कूल के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जाती, ऐसे में संदिग्ध व्यक्ति का स्कूल परिसर में पहुंचना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

सिक्योरिटी और पेरेंट्स ने संदिग्ध को पुलिस के हवाले किया
वहीं स्कूल मैनेजमेंट के अनुसार, जब परिजनों ने सिक्योरिटी को उक्त व्यक्ति के बारे में बताया तो पेरेंट्स और सिक्योरिटी स्टाफ की मदद से उसे काबू कर लिया गया। मैनेजमेंट का कहना है कि व्यक्ति ने बच्चे की एडमिशन करवाने की बात कही थी, जिसके चलते उसे रिसेप्शन तक भेजा गया था।

इसके बाद उसके बयानों और गतिविधियों पर शक होने पर पेरेंट्स और सिक्योरिटी ने उससे पूछताछ की। मामला संदिग्ध लगने पर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि स्कूल परिसर में उक्त व्यक्ति किस मकसद से पहुंचा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *