Saturday, September 19, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 35°C
Breaking News

पंजाबी सिंगर R Nait की बढ़ी मुश्किलें, हरियाणा पुलिस ने इस मामले में भेजा नोटिस

भारत इंफो : पंजाबी सिंगर आर नेत और उनकी टीम को हरियाणा पुलिस ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। मामला कैथल जिले के गांव कमालपुर में गाने की शूटिंग के दौरान सार्वजनिक रूप से हथियारों के प्रदर्शन से जुड़ा है। पुलिस ने इस तरह हथियार दिखाने को नियमों के खिलाफ बताते हुए सिंगर और उनकी टीम से जवाब मांगा है।

शूटिंग के दौरान हथियारों का प्रदर्शन
जानकारी के मुताबिक, आर नेत की टीम कैथल के गांव कमालपुर में एक गाने की शूटिंग कर रही थी। इसी दौरान शूटिंग स्थल पर हथियारों का सार्वजनिक रूप से प्रदर्शन किया गया। पुलिस के संज्ञान में मामला आने के बाद अब टीम को नोटिस जारी किया गया है। कैथल के डीएसपी बीर भान का कहना है कि बिना अनुमति इस तरह की गतिविधियों की प्रदेश में अनुमति नहीं है। पुलिस के मुताबिक, सार्वजनिक स्थान पर हथियारों का प्रदर्शन समाज में भय का माहौल पैदा कर सकता है।

पुलिस ने मांगा जल्द जवाब
हरियाणा पुलिस ने वेपन के प्रदर्शन को गलत बताते हुए आर नेत और उनकी टीम से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा है। नोटिस के जरिए उनसे जल्द से जल्द जवाब देने को कहा गया है। अब सिंगर और उनकी टीम की ओर से दिए जाने वाले जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

सिद्धू मूसेवाला के साथ कर चुके हैं काम
आर नेत का असली नाम नेत्रपाल सिंह है और वह पंजाब के मानसा जिले के गांव धरमपुरा के रहने वाले हैं। उन्होंने साल 2015 में ‘लांसर 2’ गाने से अपने संगीत करियर की शुरुआत की थी। आर नेत ने दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के साथ ‘पॉइजन’ और हरियाणवी कलाकार सपना चौधरी के साथ ‘लुटेरा’ समेत कई चर्चित गानों में काम किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *