भारत इंफो : जालंधर स्थित कंपनी बाग चौक (श्रीराम चौक) में शनिवार को कांग्रेस पार्टी के विरोध प्रदर्शन के दौरान उस समय बेहद असहज स्थिति पैदा हो गई, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाते समय कांग्रेस का अपना ही झंडा आग की चपेट में आ गया। केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों और यूपीआई लेन-देन पर लगने वाले अतिरिक्त शुल्कों के खिलाफ आयोजित इस प्रदर्शन में पूर्व विधायक व शहरी प्रधान राजिंदर बेरी तथा पार्षद शैरी चड्ढा समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
पुतला दहन के दौरान झंडे में लगी आग
प्रदर्शन के दौरान जब कार्यकर्ता प्रधानमंत्री का पुतला फूंक रहे थे, तो पुतले को संभालने के चक्कर में पास में लहरा रहा कांग्रेस पार्टी का झंडा भी आग की लपटों में आ गया। देखते ही देखते झंडा धू-धू कर जलने लगा। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने आनन-फानन में आग पर काबू पाने का कोशिश की।
केंद्र के विरोध में लगे पंजाब सरकार के खिलाफ नारे
इस प्रदर्शन का एक और पहलू चर्चा का विषय बना रहा, जब केंद्र सरकार के विरोध के लिए एकत्र हुए कुछ कार्यकर्ताओं ने गलती से पंजाब सरकार के खिलाफ ही नारेबाजी शुरू कर दी। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर मौजूद पार्टी नेताओं और समर्थकों के बीच गहरा असमंजस फैल गया। हालांकि, पार्टी प्रतिनिधियों का कहना है कि उनका मुख्य विरोध केंद्र की आर्थिक नीतियों और डिजिटल पेमेंट्स पर अतिरिक्त चार्ज लगाने के फैसलों के खिलाफ था।