loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 29°C
Breaking News

चन्नी-वड़िंग गुट की खींचतान के बीच राहुल गांधी का बड़ा प्लान! पंजाब में नेताओं संग करेंगे बैठक

भारत इंफो : पंजाब कांग्रेस में जारी अंदरूनी खींचतान के बीच पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व अब सक्रिय नजर आ रहा है। विधानसभा चुनाव से पहले संगठन में चल रहे मतभेदों को दूर करने और नेताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाने की कवायद तेज हो गई है। इसी बीच कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इसी महीने के अंत में पंजाब दौरे पर आने की संभावना जताई जा रही है।

हरमंदिर साहिब में नतमस्तक होने की संभावना
सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी के अमृतसर पहुंचने की संभावना है। इस दौरान वह श्री हरमंदिर साहिब में नतमस्तक हो सकते हैं। राहुल गांधी के संभावित पंजाब दौरे की खबर सामने आने के बाद प्रदेश कांग्रेस के नेताओं में भी गतिविधियां तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि दौरे के दौरान राहुल गांधी पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और राज्य इकाई के प्रमुख नेताओं के साथ बैठक कर सकते हैं। इन बैठकों में पार्टी के भीतर चल रहे मतभेदों, संगठन की स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा होने की संभावना है। हालांकि, राहुल गांधी के दौरे का अंतिम कार्यक्रम अभी तय नहीं हुआ है।

दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व के साथ बैठकों का दौर जारी
पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी और संगठन से जुड़े मामलों को लेकर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता लगातार दिल्ली पहुंचकर केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात कर रहे हैं। बैठकों में पंजाब की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, पार्टी संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की जा रही है।

इसी सिलसिले में पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने हाल ही में दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात की थी। बताया जा रहा है कि बाजवा ने पंजाब कांग्रेस के विधायकों की राहुल गांधी के साथ बैठक के लिए भी समय मांगा है।

विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती
पंजाब कांग्रेस में अलग-अलग नेताओं के बीच मतभेद और गुटबाजी लंबे समय से पार्टी के लिए चुनौती बने हुए हैं। ऐसे में राहुल गांधी का संभावित पंजाब दौरा संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व की कोशिश चुनाव से पहले नेताओं को एकजुट करने और संगठन को मजबूत करने की है।फिलहाल राहुल गांधी के दौरे की तारीख और कार्यक्रम को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *