loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 34°C
Breaking News

चंडीगढ़ के स्कूलों और पंजाब यूनिवर्सिटी को बम धमाके की धमकी, 15 अगस्त के कार्यक्रमों से दूर रहने को कहा

भारत इंफो : चंडीगढ़ के कई स्कूलों, पुलिस थानों और पंजाब यूनिवर्सिटी को बम धमाके की धमकी वाला ई-मेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। ई-मेल में 15 अगस्त तक चंडीगढ़ के स्कूलों और पुलिस थानों के अलावा पंजाब यूनिवर्सिटी में धमाके करने की धमकी दी गई है। साथ ही लोगों को स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों में शामिल नहीं होने की चेतावनी दी गई है।

पंजाब यूनिवर्सिटी के कई स्थानों का ई-मेल में जिक्र
जानकारी के अनुसार यह धमकी भरा ई-मेल 11 अगस्त की सुबह करीब 7:50 बजे भेजा गया। ई-मेल में चंडीगढ़ के स्कूलों के अलावा पंजाब यूनिवर्सिटी के विद्यार्थी केंद्र, वाइस चांसलर ऑफिस और गांधी भवन का भी विशेष रूप से जिक्र किया गया है। धमकी सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी।

चार स्कूलों में पहुंची पुलिस और बम जांच टीम
धमकी मिलने के बाद पुलिस टीम, बम जांच दल और डॉग स्क्वायड ने कई स्कूलों में पहुंचकर जांच की। स्कूल परिसरों के साथ-साथ आसपास के इलाकों की भी तलाशी ली गई। जिन स्कूलों का ई-मेल में जिक्र किया गया है, उनमें सेक्टर-9बी स्थित कर्मेल कॉन्वेंट स्कूल, सेक्टर-26 का सेंट जॉन्स हाई स्कूल, सेक्टर-26 का सेक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल और सेक्टर-45बी का सेंट स्टीफंस स्कूल शामिल हैं।

15 अगस्त के कार्यक्रमों से दूर रहने की धमकी
ई-मेल में लोगों को अपने बच्चों की सुरक्षा का हवाला देते हुए 15 अगस्त के किसी भी कार्यक्रम में शामिल नहीं होने की चेतावनी दी गई है। इसमें लोगों से घरों में रहने और अपनी जान बचाने की बात कही गई है। इसके अलावा चंडीगढ़ पुलिस के थानों पर 15 अगस्त तक ग्रेनेड हमले की धमकी भी दी गई है।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, धमकी की जांच जारी
ई-मेल में पंजाब यूनिवर्सिटी और कुछ समुदायों को लेकर आपत्तिजनक बातें भी लिखी गई हैं। धमकी के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। फिलहाल ई-मेल की विश्वसनीयता, इसे भेजने वाले और धमकी के पीछे की मंशा की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *