भारत इंफो : पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। खासकर जालंधर नॉर्थ विधानसभा हलके में आम आदमी पार्टी की सक्रियता ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। पार्टी की ओर से हाल ही में संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए मेयर विनीत धीर को नॉर्थ हलके की कमान सौंपी गई है। इसके बाद अब कांग्रेस के खेमे में सेंधमारी की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
विनीत धीर को नॉर्थ की कमान मिलने के बाद हलचल तेज
आम आदमी पार्टी ने नॉर्थ हलके में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए दिनेश ढल्ल को हटाकर जालंधर के मेयर विनीत धीर को जिम्मेदारी सौंपी है। माना जा रहा है कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए नॉर्थ हलके में संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। विनीत धीर के कमान संभालने के बाद राजनीतिक गतिविधियों में तेजी देखने को मिल रही है।
कांग्रेस के बड़े चेहरे की AAP में एंट्री की चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, आज कांग्रेस का एक बड़ा चेहरा आम आदमी पार्टी में शामिल हो सकता है। बताया जा रहा है कि संबंधित नेता कांग्रेस से नाराज चल रहा था और अब उसने पार्टी छोड़कर AAP का दामन थामने का मन बना लिया है। अगर यह सियासी बदलाव होता है तो जालंधर नॉर्थ में आम आदमी पार्टी को आगामी चुनावों से पहले बड़ा फायदा मिल सकता है।
बावा हैनरी के करीबी माने जाते हैं नेता
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस से AAP में जाने की तैयारी कर रहा नेता जालंधर नॉर्थ से विधायक बावा हैनरी का करीबी माना जाता है। लंबे समय से कांग्रेस के साथ जुड़े इस नेता की पार्टी से नाराजगी की चर्चाएं चल रही थीं। अब उसके आम आदमी पार्टी में शामिल होने की अटकलों ने नॉर्थ हलके की सियासत को और गर्म कर दिया है।
2027 के लिए AAP ने शुरू की तैयारी
मेयर विनीत धीर को नॉर्थ हलके की जिम्मेदारी देने के बाद आम आदमी पार्टी की नजर अब कांग्रेस के मजबूत नेताओं और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों पर है। ऐसे में अगर कांग्रेस का यह बड़ा चेहरा AAP में शामिल होता है, तो इसे 2027 विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की रणनीतिक बढ़त के तौर पर देखा जा सकता है। हालांकि, नेता के नाम और पार्टी में शामिल होने को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।