loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 29°C
Breaking News

पंजाब में सरकारी स्कूल के बाहर छात्र के भाई की पीट-पीटकर हत्या, 5 नामजद समेत कई पर केस दर्ज

भारत इंफो : पंजाब के अबोहर में सरकारी स्कूल के बाहर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान लवप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो अपने छोटे भाई को स्कूल से लेने गया था। पुलिस ने इस मामले में पांच नामजद और चार-पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भाई को बचाने पहुंचे लवप्रीत पर किया हमला
मृतक का भाई गगनदीप सिंह गांव सैय्यदांवाली के सरकारी स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र है। गगनदीप ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि गांव के रहने वाले पुरुषोत्तम कुमार ने उसके भाई लवप्रीत को फोन कर धमकी दी थी कि स्कूल की छुट्टी के बाद उस पर हमला किया जाएगा।

धमकी मिलने के बाद लवप्रीत सिंह अपने भाई गगनदीप को सुरक्षित घर ले जाने के लिए स्कूल पहुंचा था। आरोप है कि इसी दौरान पुरुषोत्तम कुमार अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और दोनों भाइयों पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

इलाज के दौरान हुई लवप्रीत की मौत
घटना के बाद दोनों घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें फरीदकोट रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान लवप्रीत सिंह की मौत हो गई, जबकि गगनदीप का इलाज जारी है। थाना सदर पुलिस ने पांच नामजद और चार-पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *