loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 34°C
Breaking News

पंजाब में फिर हाईवे जाम की चेतावनी! गन्ने का पैसा नहीं मिला तो 20 अगस्त को बड़ा आंदोलन

भारत इंफो : पंजाब में गन्ना किसानों का बकाया भुगतान एक बार फिर बड़ा मुद्दा बन गया है। भारतीय किसान यूनियन (दोआबा) ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार और संबंधित चीनी मिलों ने किसानों का लंबित भुगतान जल्द जारी नहीं किया, तो 20 अगस्त को जालंधर-दिल्ली नेशनल हाईवे जाम किया जाएगा। किसानों ने सरकार से जल्द समाधान निकालने की मांग की है।

कई सीजन का भुगतान अब भी लंबित
भारतीय किसान यूनियन (दोआबा) के प्रधान मनजीत सिंह रॉय ने कहा कि किसानों को अब तक कई वर्षों का बकाया भुगतान नहीं मिला है। उनके अनुसार, वर्ष 2021-22 का फगवाड़ा शुगर मिल की ओर से करीब 27.84 रुपये प्रति क्विंटल का भुगतान लंबित है। वहीं 2025-26 सीजन में फगवाड़ा मिल द्वारा 68.50 रुपये प्रति क्विंटल और अन्य मिलों द्वारा 41.60 रुपये प्रति क्विंटल की गई कटौती का भुगतान भी अभी तक किसानों को नहीं मिला है।

10 अगस्त को डीसी को सौंपेंगे ज्ञापन
किसान नेताओं का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर सरकार और प्रशासन से संपर्क कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। इसी मुद्दे को लेकर 10 अगस्त को कपूरथला के डिप्टी कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा जाएगा और बकाया राशि का जल्द भुगतान करने की मांग की जाएगी।

अगर ज्ञापन देने के बाद भी किसानों की मांगें पूरी नहीं होतीं, तो 20 अगस्त को फगवाड़ा मंडी में किसानों की बड़ी सभा आयोजित की जाएगी। इसके बाद किसान जालंधर-दिल्ली नेशनल हाईवे की ओर मार्च करेंगे और हाईवे जाम कर विरोध प्रदर्शन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *