loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 36°C
Breaking News

जालंधर सिविल अस्पताल में अचानक लगी आग, जच्चा-बच्चा वार्ड में मची चीख-पुकार

भारत इंफो : जालंधर के सिविल अस्पताल से मंगलवार को एक बड़ी घटना सामने आई, जहां जच्चा-बच्चा वार्ड में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही पूरे वार्ड में धुआं फैल गया, जिससे वहां भर्ती मरीजों और उनके परिजनों में दहशत का माहौल बन गया। अस्पताल प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी मरीजों को सुरक्षित वार्ड से बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

ए.सी. में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
जानकारी के अनुसार वार्ड में लगे एयर कंडीशनर (ए.सी.) में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी। आग लगते ही धुआं तेजी से पूरे वार्ड में फैल गया, जिससे मरीजों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। अस्पताल स्टाफ ने बिना देर किए मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू कर दिया।

बाथरूम का शीशा तोड़कर अंदर पहुंची फायर ब्रिगेड
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने बाथरूम का शीशा तोड़कर वार्ड के अंदर प्रवेश किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से अस्पताल में बड़ा हादसा टल गया।

5 मरीजों को सुरक्षित किया गया शिफ्ट
घटना के समय जच्चा-बच्चा वार्ड में करीब पांच मरीज भर्ती थे। सभी मरीजों को सुरक्षित अस्पताल के दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। आग से किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि वार्ड में रखा कुछ कीमती सामान आग की चपेट में आने से जलकर राख हो गया।

घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और संबंधित विभागों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, जबकि आग से हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *