भारत इंफो : देश में जल्द ही ₹10 और ₹20 के पॉलीमर यानी प्लास्टिक से बने नोट चलन में दिखाई दे सकते हैं। केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने के बाद भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) इन नए नोटों का पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने की तैयारी में है। इसके तहत दोनों मूल्यवर्ग के 100-100 करोड़, यानी कुल 200 करोड़ पॉलीमर नोट छापे जाएंगे।
लोकसभा में वित्त राज्य मंत्री ने दी जानकारी
सोमवार को लोकसभा में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने बताया कि सरकार ने पॉलीमर बैंकनोट के ट्रायल को मंजूरी दे दी है। हालांकि, ट्रायल कब शुरू होगा, इसकी तारीख अभी घोषित नहीं की गई है। RBI जल्द ही इस संबंध में आगे की प्रक्रिया शुरू करेगा।
सफल ट्रायल के बाद नियमित होंगे नए नोट
यदि पॉलीमर नोटों का ट्रायल सफल रहता है तो RBI ₹10 और ₹20 के इन नोटों को नियमित रूप से जारी करेगा। हालांकि, मौजूदा कागज के नोट बंद नहीं किए जाएंगे। दोनों तरह की करेंसी एक साथ चलन में बनी रहेगी।
नई पीढ़ी की करेंसी की दिशा में बड़ा कदम
करीब 10 दिन पहले भी मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आया था कि RBI देश में पहली बार पॉलीमर बैंकनोट का पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने की तैयारी कर रहा है। माना जा रहा है कि यह पहल अधिक टिकाऊ, सुरक्षित और लंबे समय तक चलने वाली नई पीढ़ी की करेंसी को भारत में लागू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।